मेरठ। गांव शेखपुरा स्थित प्राथमिक विद्यालय में नवनिर्माणाधीन दीवार बुधवार सुबह भरभरा कर गिर गई। जिस पर वहां मौजूद शिक्षिकाओं ने दौड़कर जान बचाई। इस पर बीएसए, एबीएसए एवं मेरठ ब्लॉक से एडीओ पंचायत ने मौके पर पहुंचकर प्रधानाध्यापिका एवं ग्राम प्रधान से जानकारी ली।
भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव शेखपुरा स्थित प्राथमिक विद्यालय के समीप रहने वाले ग्रामीण महबूब पुत्र अजीज अपने मकान एवं विद्यालय की निर्माणाधीन दीवार के बीच खाली जगह में मिट्टी डाल रहा था। इसी दौरान दीवार भरभरा कर जमीन पर जा गिरी। शिक्षिकाओं ने किसी तरह दौड़कर जान बचाई। इसकी जानकारी पाकर बीएसए सतेंद्र ढाका, एबीएसए भारत भूषण त्यागी, मेरठ ब्लॉक के कार्यवाहक डीपीआरओ बिशन सिंह, एडीओ पंचायत ओमकार नाथ दूबे मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी कर ग्राम प्रधान शत्रुघ्न से पूछताछ की।
ग्राम प्रधान ने बताया कि उक्त दीवार ग्राम पंचायत निधि से बनाई गई है। चार इंच चौड़ाई की दीवार होने के कारण महबूब द्वारा डाली गई मिट्टी का दबाव नहीं झेल पाई। जिसके चलते गिर गई। उन्होंने बताया कि महबूब ने जल्द ही दीवार बनवाने का आश्वासन दिया है। ऐसा नहीं होने पर महबूब के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं, गांव में चर्चा है कि दीवार निर्माण में घटिया सामग्री लगाए जाने के कारण गिरी है।