एससीएसटी एक्ट के विरोध में सवर्ण संरक्षण सभा से जुडे़ सवर्ण समाज के लोगों ने सांसद राजेंद्र अग्रवाल के आवास पर धरना दिया। साथ ही चेताया कि जो सवर्ण सांसद इस कानून को निरस्त कराने का विरोध करेगा, आने वाले लोकसभा चुनाव में सवर्ण समाज उन्हें वोट नहीं देगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक गहलोत, प्रदेशाध्यक्ष श्रीकृष्ण गुप्ता और सभा से जुडे़ सवर्ण समाज के दर्जनों लोग सोमवार को एकत्रित होकर सांसद राजेंद्र अग्रवाल के चाणक्यपुरी स्थित आवास पहुंचे और आवास के बाहर धरना देकर बैठ गए। वक्ताओं ने कहा कि वे लोग दलित समाज के विरोध में नहीं हैं। उनका समाज भी चाहता है कि दलित समाज का उत्थान हो। लेकिन उसके साथ हम अपनी आने वाली पीढ़ी के भविष्य के लिए भी गंभीर हैं। वे चाहते हैं कि इस एक्ट का दुरुपयोग न हो क्योंकि इसका शिकार कोई सवर्ण ही होगा।
सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार ने भारत के विकास के लिए सबका साथ सबका विकास का नारा दिया था। लेकिन अब लगता है कि सरकार ने खुद ही सवर्णों का साथ छोड़ दिया। देश के 80 प्रतिशत सवर्ण भाजपा से जुडे़ हैं और उसके समर्थक रहे हैं। लेकिन सरकार के इस फैसले से वे खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। इसलिए सवर्ण समाज चाहता है कि सरकार अपने फैसले पर पुनर्विचार करे। उन्होंने सांसद से अनुरोध किया कि वे अपने स्तर से इस संबंध में सरकार पर दबाव बनाएं ।
सांसद से ये पूछे सवाल
- एसएसीएसटी एक्ट का क्या प्रभाव पडे़गा? आपने कभी सोचा है?
- ऐसा करने के बाद सवर्ण समाज आपको वोट क्यों दे ?
- आप भाजपा सांसद होने के नाते आश्वासन दे सकते हैं कि इसे वापस कराएंगे?
- आपने किस मजबूरी के तहत अब तक इसका विरोध क्यों नहीं किया?
- सवर्ण समाज के हित में क्या आपको इस्तीफा नहीं दे देना चाहिए?
सांसद ने दिया भरोसा
सवर्ण समाज के प्रदेश अध्यक्ष श्रीकृष्ण गुप्ता ने दावा किया कि सांसद ने उनकी बात गंभीरता से सुनी। उनकी बात से सहमति जताई। उनका ज्ञापन लिया और भरोसा दिया कि वे उनकी भावनाओं को सरकार तक जरूर पहुंचाएंगे।