मेरठ। अनलॉक-1 में शहर में लूटपाट की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। ईव्ज चौराहा पर पिता-पुत्री से लूट का मामला ठंडा हुआ नहीं कि शनिवार को बदमाशों ने सदर में 80 साल की वृद्धा से कुंडल लूटने का प्रयास किया। हालांकि वृद्धा साहस दिखाकर बदमाशों से भिड़ गईं। बदमाशों ने उन्हें करीब 500 मीटर तक घसीटा, जिससे वे चोटिल भी हो गईं। लेकिन बदमाश कुंडल नहीं लूट पाए।
सदर दाल मंडी निवासी सविता (80) पत्नी संजीव गोयल बाजार से सामान लेकर पैदल ही घर जा रही थी। घर से कुछ दूर पहले बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके कुंडल लूटने के लिए झपट्टा मारा। लेकिन उन्होंने दोनों कानों पर हाथ लगा लिए। बदमाशों ने उनसे छीनाझपटी की। लेकिन उन्होंने हाथ नहीं हटाया। बाइक सवार बदमाश के साथ करीब 500 मीटर तक वे घिसटती हुई गईं। लेकिन उन्होंने लूट का मौका नहीं दिया। जिसके बाद बदमाश फरार हो गए। सूचना पर पहुंची सदर बाजार पुलिस ने वृद्धा को प्राथमिक उपचार दिलाकर उन्हें घर भिजवाया। सविता ने बताया कि बदमाश कुंडल तो नहीं लूट सके लेकिन उनको चोट जरूर आ गई। एसपी सिटी डॉ. अखिलेश नारायण सिंह का कहना है कि सदर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया है। बदमाशों की तलाश जारी है।