मेरठके एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने पहले ब्रेन हेमरेज से पीड़ित एक प्रसूता को नया जीवन दिया था और अब ऑपरेशन कर सफल प्रसव कराकर उनकी और बच्ची की जान बचाई।
मीडिया प्रभारी डॉ. वीडी पांडे ने बताया कि स्वाति (27) निवासी हस्तिनापुर की सितंबर 2022 में दिमाग की नस फट जाने के कारण ब्रेन हेमरेज से ग्रसित हो गई थीं। तब वह तीन माह से गर्भवती थीं। जांच से पता चला कि उनकी दिमाग की एक नस का गुब्बारा फूल गया था, जिस कारण वह फट गई और ब्रेन हेमरेज हो गया। दिमाग की सर्जरी इस तरह से करनी थी कि गर्भ में पल रहे बच्चे को भी नुकसान न हो। डॉ. अमनजोत और उनकी टीम ने सफल ऑपरेशन किया था। पिछले दिनों प्रसव पीड़ा होने पर उन्हें मेडिकल में भर्ती कराया गया, जहां डॉ कोमल रस्तोगी, डॉ रचना चौधरी सर्जन, एनेस्थीसिया विभाग के डॉ सुभाष दहिया, डॉ सुधीर धामा और उनकी टीम ने अब ऑपरेशन द्वारा प्रसव कराया है। स्वाति ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। ब्यूरो