शहर में बढ़ रही छेड़छाड़ की वारदातों को लेकर पुलिस ने मंगलवार को स्कूलों के बाहर अभियान चलाया। एसपी सिटी मान सिंह चौहान महिला थानाध्यक्ष रश्मि चौधरी, मानसी संस्था की साधना श्रीवास्तव, महिला शक्ति मोबाइल टीमों के साथ सड़कों पर उतरे। इस दौरान गर्ल्स कॉलेजों के बाहर खडे़ युवकों से पूछताछ की गई।
हम तो कालेज आए थे
दोपहर 2 बजे पुलिस इस्माईल गर्ल्स डिग्री कॉलेज के बाहर पहुंची। कॉलेज के बाहर खडे़ कई युवकों को पुलिस टीम ने पकड़ लिया। दो युवकों ने अपने बैग से एनएएस कॉलेज की एडमिशन स्लिप निकाली और कहा कि वे तो कॉलेज में आए थे। उनसे पूछा गया कि वे यहां लड़कियों के कॉलेज के पास क्या कर रहे हैं तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके अलावा कुछ युवक पुलिस को देख चुपचाप खिसक गए।
किताब लेने आए थे
दोपहर 2.20 बजे टीम आरजीपीजी कॉलेज के बाहर पहुंची। टीम ने कॉलेज के सामने दुकानों के बाहर खड़े युवकों को पकड़ लिया। इस बीच एक युवक के चाचा वहां पहुंचा और कहा कि हम यहां बुक खरीदने आए हैं। स्कूटी लेकर खडे़ युवक ने बताया कि वो अपनी बहन को लेने आया है। यहां करीब नौ युवकों से पूछताछ की गई। इनमें कई युवक आसपास के कोचिंग सेंटरों के भी थे।
बेवजह भीड़ लगाई तो बंद कर देंगे
दोपहर 2.40 बजे टीम आरजी गर्ल्स इंटर कॉलेज के बाहर पहुंची। वहां कॉलेज के गेट के सामने एक फोटो स्टेट सकी दुकान पर करीब 10 युवक खडे़ थे। पुलिस ने सबको पकड़ लिया। पूछने पर बताया कि वे फोटो कॉपी कराने आए हैं। दुकानदार दुकान पर नहीं था। बताया कि वो किसी काम से गया है। महिला एसओ ने दुकान पर बैठे दुकानदार के एक परिचित से कहा कि वो दुकानदार से कह दें यदि दुकान पर बेवजह भीड़ लगाई तो सबसे पहले उसे ही बंद कर दिया जाएगा।
बहन को लेने आया था
पुलिस दोपहर 3 बजे वेस्ट एंड रोड स्थित एमपीजीएस कॉलेज पहुंची। वहीं कई अभिभावक अपने बच्चों को लेकर जा रहे थे। वहां बाइक और स्कूटी लेक र खडे़ मिले पांच युवकों से पुलिस ने पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वे अपनी बहन को लेने आए हैं। पुलिस ने जीटीबी कॉलेज के सामने चौक पर भी चेकिंग की। यहां खडे़ ठेलों के आसपास मिले युवकों से भी पूछताछ की गई।
कॉलेज के बाहर लगता है युवकों का जमावड़ा
एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने आरजी कालेज की कोऑर्डिनेटर मंजीत कौर से कॉलेज के बाहर के माहौल पर बात की तो उन्होंने बताया कि सुबह के वक्त अक्सर बाहर युवकों का जमावड़ा रहता है। कालेज गेट के बाहर भी लोग अपनी बाइक स्कूटर खड़ा कर देते हैं। एसपी सिटी ने उनसे कहा कि जब भी ये स्थित हो आप तुरंत महिला थानाध्यक्ष को फोन करें।
तुरंत सूचना दें
एसपी सिटी मानसिंह चौहान ने कहा कि यदि किसी कॉलेज के पास युवक मंडराते हैं तो प्रधानाचार्य तुरंत महिला थाना पुलिस को सूचना दें। पुलिस का ये अभियान समय समय पर चलता रहेगा। थानाध्यक्षों से भी कहा गया है कि वे अपने थानों के एंटी रोमियो स्क्वायड को सक्रिय करें।