सरधना। तहसील में शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस में कुल 96 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 10 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारित करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में चकरोड से अवैध कब्जा हटाने, भूमि पैमाइश, पेंशन स्वीकृति, राजस्व विवाद, पुलिस मामलों, समाज कल्याण योजनाओं के लाभ तथा विकास कार्यों से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का रिकॉर्ड व्यवस्थित रखा जाए और शिकायतकर्ताओं को समय-समय पर उनके मामलों की प्रगति की जानकारी दी जाए। उन्होंने लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर दिया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, एसपी देहात अभिजीत कुमार, एडीएम प्रशासन सत्य प्रकाश सिंह, एसडीएम सरधना उदित नारायण सेंगर आदि मौजूद रहे।