शहर में यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए शुक्रवार को ट्रैफिक पुलिस का पूरा अमला सड़क पर उतर आया। एसपी ट्रैफिक के साथ सीओ और फोर्स ने बेगमपुल चौराहे से जीरो माइल तक अभियान चलाया। दो घंटे तक ट्रैफिक पुलिस ने अभियान चलाया।
एसपी ट्रैफिक संजीव बाजपेई, सीओ ट्रैफिक संजीव देशवाल, टीएसआई दीनदयाल दीक्षित, नदीम खान टीम के साथ दोपहर 11 बजे बेगमपुल चौराहे पर पहुंचे। पुलिस ने चौराहे के 100 मीटर के दायरे में सड़क पर अवैध तरीके से खड़े आटो और ई रिक्शाओं को हटवाया। अन्य वाहनों पर भी कार्रवाई की। बेगमपुल से लेकर जीरो माइल तक भी सड़क के दोनों तरफ से वाहन हटवाए। 19 ई रिक्शाओं को सीज कर पुलिस लाइन भेज गया। बेगमपुल से जीरो माइल के बीच नौ आटो भी सीज किए गए। एक डग्गामार जीप को भी सीज कर दिया। बेगमपुल से जीरो माइल तक सड़क से ठेले, फड़ हटवाते हुए दुकानों के बाहर से अतिक्रमण भी हटवाया। शहर में पुलिस ने कचहरी पुल, पुलिस ऑफिस के बाहर मेन रोड और लालकुर्ती से भी 13 चार पहिया वाहनों को क्रेन से उठाकर पुलिस लाइन भेज दिया।
क्रेन आयी उठाकर ले गई
सड़क पर जो भी अवैध तरीके से चार पहिया वाहन खड़े रहते हैं। ऐसे वाहनों पर लगातार ट्रैफिक पुलिस कार्रवाई कर रही है। कचहरी पुल पर मेरठ कॉलेज के छात्रनेता की कार सड़क पर अवैध तरीके से खड़ी थी। ट्रैफिक पुलिस ने कार को पुलिस लाइन भेज दिया। एसएसपी ऑफिस के सामने से भी एक कार को क्रेन से उठाकर पुलिस लाइन भेज दिया। एसपी ट्रैफिक का कहना है कि सड़क पर अवैध तरीके से जिस वाहन को पुलिस उठाती है उसकी सूचना कंट्रोल रूम पर दर्ज करा देती है। जिससे वाहन स्वामी चोरी की सूचना न दे सके और उसे पता चल सके कि कार पुलिस लाइन में खड़ी है। चालान फीस के साथ सौ रुपये क्रेन खर्च भी पुलिस लेती है।
आज जीरो माइल चौराहे पर अभियान
टीएसआई दीनदयाल दीक्षित का कहना है कि ट्रैफिक पुलिस का लगातार अभियान चलेगा। शनिवार को जीरो माइल चौराहे से अतिक्रमण और अवैध तरीके से सड़क पर खड़े किए गए वाहनों को हटाया जाएगा।