मेरठ। मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन ने सराफा कारोबारियों के साथ हो रही घटनाओं पर आर-पार की लड़ाई का एलान किया है। 25 नवंबर तक अगर पुलिस घटना का खुलासा नहीं कर पाती तो बैठक बुलाकर बाजार बंद पर निर्णय लिया जाएगा।
मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल और महामंत्री विजय आनंद अग्रवाल के नेतृत्व में बुधवार सुबह सराफा कारोबारी सराफा बाजार झंडा चौक पर एकत्र हुए। इसकी भनक लगते ही पहले एसओ देहलीगेट रविंद्र कुमार और फिर सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला उनके बीच पहुंच गए। उत्तराखंड के सराफा कारोबारी के बेटे से हुई ठगी का मुद्दा उठाया। विजय आनंद अग्रवाल ने कहा कि लगातार हो रही घटनाओं से सराफा कारोबारियों का मनोबल टूटता जा रहा है। कारोबारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और पुलिस हाथ पर हाथ रखे बैठी है। सीओ दिनेश शुक्ला ने बताया कि पुलिस गंभीरता से पूरे मामले पर काम कर रही है। जल्द आरोपी सलाखों के पीछे होंगे। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि अगर पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर माल बरामद नहीं कर पाती तो 25 नवंबर को बाजार बंद पर निर्णय लिया जाएगा। इस मौके पर राजेंद्र जैन, विपिन अग्रवाल, मनोज गर्ग, राजकिशोर रस्तोगी, अनुज अग्रवाल भी मौजूद रहे।