केंद्रीय मंत्री ने दादरी गांव में पीड़ित परिवार को दी सांत्वना
संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम/दौराला। संजय मोतला की आत्महत्या के मामले में शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान, जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन मनिंदरपाल सिंह दादरी गांव पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिवार को सांत्वना दी और निष्पक्ष जांच कराने का भरोसा दिलाया।
संजय के भाई ओमवीर व सुशील ने नामजद आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि पुलिस ने ओमकार के बेटे द्वारा मुकदमा दर्ज कराने के बाद उनके घर दबिश देनी शुरू कर दी थी, लेकिन उनकी शिकायत पर अभी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से गंगानगर पुलिस पर अभद्रता और शोषण करने का आरोप लगाया।
लटकने से हुई संजय की मौत
संजय की पोस्टमार्टम रिपोर्ट शुक्रवार को थाने पहुंच गई। इंस्पेक्टर किरनपाल सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लटकने से मौत होने बताया गया है। रिपोर्ट से आत्महत्या की पुष्टि हो गई है। अब पुलिस सुसाइड नोट को जांच के लिए भेजने की तैयारी कर रही है।
आज एडीजी से मिलेंगे ग्रामीण
आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर संजय के परिजन व ग्रामीण शनिवार को एडीजी से मिलेंगे। मामले में अधिवक्ता के पुत्रों समेत पांच लोगों को नामजद किया गया है। 24 घंटे बाद भी पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर कोई कदम नहीं उठाया। निवर्तमान प्रधान राजेंद्र ने बताया कि एडीजी व जिलाधिकारी से पुलिस की शिकायत की जाएगी।