सांसद राजकुमार सांगवान मृतक प्रमोद के बेटे को सांत्वना देते हुए फोटो स्वयं
जानीखुर्द। गांव अफजलपुर पावटी में बृहस्पतिवार को कार चालक प्रमोद और उनकी पत्नी रेखा की करंट लगने से मौत हो गई थी। प्रमोद के पांच पुत्री और एक पुत्र है। दंपती की मौत के बाद से घर में मातम का माहौल है। रालोद सांसद राजकुमार सांगवान ने प्रमोद के घर पहुंचकर परिवार से मिलकर अपनी शोक संवेदना प्रकट की। सांगवान ने प्रमोद के पुत्र मोहन को सांत्वना दी और हर संभव मदद का भरोसा दिया।
उन्होंने परिवार से प्रशासन से आर्थिक मदद दिलवाने की बात कही। राजकुमार सांगवान के साथ सुनील रोहटा, राहुल आदि भी मौजूद रहे। पूर्व भाजपा विधायक जितेंद्र सतवाई ने भी प्रमोद के परिजनों से मिलकर अपनी शोक संवेदना प्रकट की। ग्रामीण प्रवीण प्रधान, सरेंद्र आदि ने प्रशासन से आर्थिक मदद की मांग की है। इसके लिए उन्होंने उच्चाधिकारियों से मिलने का भी निर्णय लिया। कई लोग परिजनों को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।