मेरठ। यात्रियों की संख्या को देखते हुए रेलवे ने संगम को रोजाना चलाने का फैसला लिया है। इससे प्रयागराज जाने वाले यात्रियों को लाभ मिलेगा।
31 जनवरी से प्रयागराज से संगम एक्सप्रेस का संचालन रोजाना शुरू कर दिया जाएगा। इसके अलावा मेरठ से एक फरवरी से ट्रेन का संचालन शुरू होगा। पहले रेलवे संगम और नौचंदी एक्सप्रेस को चला नहीं रहा था, लेकिन सिटी स्टेशन का निरीक्षण करने आए उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक आशुतोष गंगल के सामने अमर उजाला ने ही प्रश्न किया था। इसके बाद ही संगम और नौचंदी एक्सप्रेस का संचालन शुरू हुआ था।
अगले दो दिन में चलेगी शालीमार एक्सप्रेस
मार्च से बंद ट्रेनों के संचालन शुरू करने की मांग अब उठने लगी है। सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने दिल्ली में रेलवे बोर्ड चेयरमैन सुनीत शर्मा से मुलाकात की। उन्होंने वाया मेरठ होकर जाने वाली शालीमार एक्सप्रेस के शुरू करने की मांग रखी। सांसद ने कहा कि इस ट्रेन के चलने से मेरठ से वैष्णो देवी जाने वाले यात्रियों को काफी लाभ मिलेगा। चेयरमैन ने अगले दो दिनों में शालीमार एक्सप्रेस के संचालन का आश्वासन दिया है। इसके अलावा सांसद ने चेयरमैन से मेरठ-हस्तिनापुर रेलवे लाइन को स्वीकृति दिए जाने, मेरठ-पानीपत रेलवे लाइन का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की। उन्होंने खरखौदा में निर्माणाधीन अंडरपास को जल्द पूरा किए जाने के लिए भी कहा।