मेरठ। विश्व श्रमण संस्कृति श्रीसंघ की ओर से रविवार को महावीर जयंती भवन में 155वें साप्ताहिक प्रशिक्षण एवं संस्कार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर सौरभ जैन के नेतृत्व में हुआ। इसमें 75 से अधिक बालक-बालिकाओं ने भाग लिया।
बच्चों ने आचार्य विमर्श सागर महाराज के सानिध्य में समवशरण विधान में भाग लिया। आचार्य ने विधान के अंतिम दिन सभी श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि मेरठ नगरी में हुआ यह आयोजन लंबे समय तक यादगार रहेगा। भविष्य में भी ऐसे धार्मिक आयोजनों के लिए प्रेरणा देगा। उन्होंने बच्चों को श्रेष्ठ संस्कार अपनाने का संदेश दिया और कई संस्कारों के बारे में बताया।
कार्यक्रम में देवेंद्र जैन, अतुल जैन और गौरव जैन ने बच्चों को प्रक्षाल की विधियां कराईं। राहुल जैन, वैभव जैन, सम्यक जैन और अमन जैन ने पूजन विधि सम्पन्न कराई। प्रथम अभिषेक एवं शांतिधारा का सौभाग्य दीपक जैन और उनके परिवार को प्राप्त हुआ। ड्रा द्वारा निकाले गए भाग्यशाली पुरस्कार में विभा जैन विजेता रहीं। संयोजक सौरभ जैन ने बताया कि शिविर 12 अप्रैल को दोबारा महावीर जयंती भवन में आयोजित किया जाएगा।