शूटिंग में सलोनी व खुशबू ने जीता रजत
मेरठ/मोदीपुरम। नोएडा में 27 फरवरी से छह मार्च तक आयोजित 43वीं स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में मेरठ की बेटी सलोनी सिंघल ने रजत पदक पर निशाना साधा है। शास्त्रीनगर सेक्टर-9 निवासी सलोनी पल्हैड़ा में शूटिंग से निकलकर दिल्ली के कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में अभ्यास कर रही हैं। 50 मीटर एयर रायफल स्पर्धा में सलोनी शूटिंग में कदम बढ़ा रही हैं। उन्होंने अपने माता-पिता सहित परिवार और अपने कोच को सफलता का श्रेय दिया है।
वहीं, सिवाया गांव निवासी खुशबू चौधरी ने 43वीं यूपी स्टेट चैंपियनशिप में 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल में रजत पदक जीता है। खुशबू ने बताया कि वह द्रोणाचार्य शूटिंग रेंज पल्हैड़ा में राहुल राजोरा व विपिन राणा से शूटिंग की कोचिंग ले रही है। खुशबू अपने भैया शार्दुल विहान की तरह इंटरनेशनल मेडल जीतकर मेरठ व देश का नाम रोशन करना चाहती है। खुशबू 25 मीटर व 10 मीटर इवेंट का अभ्यास कर रही है। संवाद