मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की गुलमर्ग कॉलोनी में साले युनूस की सीने में चाकू घोपकर हत्या करने का उसके बहनोई सलीम को कोई पछतावा नहीं है। पुलिस की पूछताछ में उसने कहा कि जवान बेटियों का जन्मदिन की पार्टी में डांस करना ठीक नहीं था। यूनुस ने इसका समर्थन किया तो उसे मार दिया। मृतक के भांजे नौशाद की तहरीर पर लिसाड़ी गेट थाना पुलिस ने सलीम के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की। सोमवार को पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। सोमवार शाम को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
रविवार देर रात जन्मदिन समारोह में दो बेटियों के डांस करने से नाराज लिसाड़ी गांव की गुर्जर चौक कॉलोनी निवासी यूनुस (36) की उसके बहनोई सलीम ने सीने में चाकू घोपकर हत्या कर दी थी। बीच बचाव करने आए यूनुस के भांजे नौशाद (22) को भी हत्यारोपी ने चाकू मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने रविवार रात को ही सलीम को गिरफ्तार कर लिया था
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह के मुताबिक सलीम के साढू गुर्जर चौक कॉलोनी निवासी चांद की बेटी गुलफ्शा (30) का रविवार को जन्मदिन था। उसके घर पर ही जन्मदिन पर पार्टी थी। सलीम भी अपनी पत्नी नरगिस और दो बेटियों के साथ जन्मदिन की पार्टी में गया था। वहां पर उसका साला यूनुस भी बच्चों के साथ आया था। जन्मदिन पार्टी में सभी परिजन और रिश्तेदार जमकर डांस कर रहे थे। सलीम को लड़कियों का डांस करना अच्छा नहीं लगा। वह बीच में ही अपनी बेटियों को लेकर गुलमर्ग कॉलोनी अपने घर आ गया। रात करीब साढ़े दस बजे उसकी पत्नी नरगिस जब घर आई तो सलीम ने उसके साथ मारपीट करने शुरू कर दी। इसकी जानकारी नरगिस ने अपने भाई यूनुस को फोन पर दी। इसके बाद यूनुस अपने भांजे नौशाद पुत्र चांद को साथ लेकर सलीम के घर पहुंचा। बेटियाें के डांस करने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इसी दौरान सलीम ने चाकू उठाकर यूनुस के सीने में घोंप दिया। इसका विरोध करने पर उसने नौशाद की पीठ में भी चाकू मारकर उसे घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल यूनुस और नौशाद को प्यारेलाल जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां पर उपचार के दौरान यूनुस की मौत हो गई थी।