लावड़। महल गांव स्थित एक फार्म हाउस में रविवार को सैनी समाज की बैठक आयोजित हुई। बैठक में समाज की राजनीतिक उपेक्षा पर नाराजगी जताते हुए आगामी चुनाव में उसी राजनीतिक दल का समर्थन करने का निर्णय लिया गया, जो संगठन और सरकार में समाज को उचित प्रतिनिधित्व देगा।
बैठक की अध्यक्षता प्रधान राजेश्वर सैनी ने की, जबकि संचालन डॉ. कूढ़े सैनी ने किया। वक्ताओं ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सैनी समाज की बड़ी आबादी होने के बावजूद उसे अपेक्षित सम्मान और राजनीतिक भागीदारी नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि अब समाज अपने हितों को ध्यान में रखकर ही राजनीतिक निर्णय लेगा। बैठक में भाजपा मंडल अध्यक्ष धीर सिंह सैनी, अनिल, बुद्ध प्रकाश सैनी, सुभाष प्रधान, एडवोकेट वीरेंद्र सैनी, जतिन बॉक्सर आदि मौजूद रहे।