मुंडाली। मुंडाली थाना क्षेत्र के जिसौरी गांव में घर के बाहर बैठने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर उसके भाई सहित दो लोगों ने हमला कर दिया। पीड़ित ने आरोपियों पर लाठी-डंडों से मारपीट करने, पत्नी के साथ अभद्र व्यवहार करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जिसौरी निवासी मोनू पुत्र प्रसन्न कुमार ने पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि बीते बुधवार को गांव का एक युवक उनके घर के बाहर बैठा था। मोनू ने उसे कई बार वहां से हटने को कहा, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद वह युवक वहां से चला गया और अपने भाई को बुलाकर ले आया। दोनों लाठी-डंडे लेकर मोनू के घर के बाहर आ गए। उन्होंने मोनू के साथ मारपीट शुरू कर दी, जिससे उसे चोटें आईं। इस दौरान आरोपियों ने मोनू की पत्नी के साथ भी अभद्र व्यवहार किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
सीओ किठौर विश्व ज्योति राय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।