उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में बुधवार देर रात देवबंद क्षेत्र में पहरा दे रहे ग्रामीणों ने एक मजूदर की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में देवबंद क्षेत्र के गांव परोली में रात्रि में पहरा दे रहे ग्रामीणों ने एक मजदूर की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन
मुजफ्फरनगर जनपद के गांव छपार निवासी शाहरुख (23) अपने पांच साथियों के साथ बुधवार देर रात करीब एक बजे कोतवाली देवबंद के गांव मिरगपुर से विनम्र के निर्माणाधीन मकान के लिंटर का सरिया बांध कर लौट रहे था।
जैसे ही वह क्षेत्र के गांव परोली पहुंचे तो वहां पहरे दे रहे ग्रामीणों ने उन्हें बदमाश समझकर मजदूरों पर गोली चला दी, हालांकि इस दौरान मजदूरों ने शोर मचाया और बताने की कोशिश कि वह मजदूर है और काम से लौट रहे हैं लेकिन तब तक दो लोगों द्वारा गोली चला दी गई, गोली लगने से शाहरुख की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य मजदूरों ने इधर-उधर खेतों में भागकर अपनी जान बचाई।
घटना की सूचना मिलते ही देर रात एसएसपी डॉ. विपिन ताडा और एसपी देहात डॉक्टर सूरज राय सहित स्थानीय पुलिस अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेते हुए जानकारी जुटाई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दो आरोपियों ओमपाल और धर्मवीर को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक शाहरुख के पिता सलीम की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके घटना की जांच आरंभ कर दी है।