उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में बुधवार को एक भीषण हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। बताया गया कि तीनों युवक एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। युवकों की मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया।
थाना सदर क्षेत्र के पेपर मिल रोड पर तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को जबरदस्त टक्कर मार दी। दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। एक युवक को घायल अवस्था में पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रेफर किया गया।
यह भी पढ़ें :
शादी के मंडप में अचानक पहुंच गई दुष्कर्म पीड़िता, भरी भीड़ में खोला ऐसा राज, दूल्हे सहित हवालात पहुंची बरात
पुलिस के अनुसार हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। दुर्घटना में दाबकी जुनारदार निवासी अंकित और अभिषेक की मौत हो गई। वहीं अनुज कुमार घायल हुआ है। ये तीनों युवक मंगलवार रात एक शादी समारोह में गए थे। वहां से लौटते समय पेपर मिल रोड पर गीता पंप वाली पुलिया के पास ट्रक ने टक्कर मार दी।
ग्रामीणों ने बताया की तीनों युवक मजदूरी करते थे और अलग अलग परिवारों से हैं। थाना सदर प्रभारी पंकज कुमार पंत ने बताया कि हादसे के बाद जांच की जा रही है। घायल युवक का उपचार जारी है।