कार सवार चार युवकों ने देहरादून घूमने आई लखनऊ की एक युवती को लिफ्ट देकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। युवकों ने युवती को नशीला पेय पदार्थ पिलाकर बेहोश किया और फिर सुनसान स्थान पर हवस का शिकार बनाया। उसके पास मौजूद नकदी और सोने के जेवर भी लूट लिए। बाद में बेहोशी की हालत में कार से गागलहेड़ी (सहारनपुर) में सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती को मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
गागलहेड़ी थाना क्षेत्र में नागल अहिर गांव के पास शनिवार की सुबह सड़क किनारे पड़ी एक युवती को बदहवाश हालत में देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती से पूछताछ की। युवती (22 वर्ष) ने बताया कि वह गोमती नगर लखनऊ की निवासी है। उसने बताया कि वह अपने साथियों के साथ पिछले सप्ताह देहरादून घूमने के लिए आई थी। घूमने के बाद उसके साथी तो वहीं रुक गए, लेकिन वह अपने घर जाने के लिए आईएसबीटी पर शुक्रवार की सुबह बस की इंतजार में खड़ी थी।
पीड़िता के अनुसार तभी एक कार उसके पास आकर रुकी। उसमें सवार चार युवकों ने उसे लिफ्ट दे दी। कुछ दूर चलने के बाद कार सवार युवकों ने उसे कुछ पेय पदार्थ पिलाया। इसके बाद जब उसकी आंख खुली तो वह किसी सुनसान स्थान पर थी। जहां युवकों ने उसके साथ गैंगरेप किया। उसकी दो सोने की अंगूठी और चैन के साथ ही उसके पास मौजूद डेढ़ लाख रुपये की नकदी भी लूट ली। इसके बाद बदमाश उसे लेकर वापस देहरादून के रास्ते चले और नागल अहिर गांव के पास सड़क किनारे फेंक गए। चौकी प्रभारी हरेंद्र सिंह ने बताया कि युवती के परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है। युवती अभी पूरी तरह होश में नहीं है। उसे चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। मेडिकल रिपोर्ट और परिजनों के आने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।