उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में बुधवार सुबह एक युवक की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। युवक की दर्दनाक मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
सहारनपुर के बेहट क्षेत्र के मोहल्ला मनिहारान में लिंटर का जाल बांधने के दौरान सरिया हाईटेंशन लाइन के तारों से टकराने पर एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ।
बताया गया कि मोहल्ला लौहारान निवासी शोयब (24) पुत्र मुसब्बर लिंटर पर सरियों का जाल बांधने का काम करता था। बुधवार की सुबह वह मोहल्ला मनिहारान में एक निर्माणाधीन मकान की छत के लिए लिंटर पर सरियों का जाल बांध रहा था।
इस दौरान सरिया ऊपर उठाते समय हाईटेंशन लाइन के तारों से टकरा गया। इससे सरिये में करंट दौड़ गया और शोयब करंट से बुरी तरह झुलस गया। उसे 108 एम्बुलेंस से सीएचसी बेहट ले जाया, जहां चिकित्सकों ने शोयब को मृत घोषित कर दिया। परिजन पोस्टमार्टम कराए बिना ही शव को घर ले गए है।