मेरठ। सदर दाल मंडी, कोटला बाजार में खूब भीड़ लग रही है। पुलिस के सामने ही लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हैं, जैसे ही पुलिस जाती है दुकानों पर भीड़ लग जाती है। व्यापारी दूरी बनाने के लिए अनुरोध करते रहते हैं, लेकिन कोई उनकी बात नहीं मानता।
सदर दाल मंडी, सब्जी मंडी चौराहा, ढोलकी मोहल्ला चौराहा आदि स्थानों पर सुबह सात बजे से ही पुलिस और आरआरएफ तैनात रही। तीन दिन की बंदी के दौरान पुलिस अधिकारियों और सदर दाल मंडी के विभिन्न व्यापार संघों की बैठक के बाद निर्णय लिया गया था कि दुकानों के बाहर गोल घेरे में ग्राहकों को खड़ा होने दिया जाएगा। एक दुकान पर चार से अधिक ग्राहक एक बार में नहीं खड़े हो पाएंगे। हालांकि शुक्रवार सुबह 7:00 बजे मार्केट खुला। बाजार में सुबह 8:30 तक भीड़ बहुत कम रही। हालांकि नौ बजे तक जहां एक तरफ दुकानों पर माल की अनलोडिंग हो रही थी तो बाजार में काफी संख्या में लोग राशन लेने पहुंच गए। इस बीच दाल में जाम के हालत बन गए। मौके पर पहुंची आरआरएफ और पुलिस ने राउंड लेकर बाजार में अकारण घूम रहे युवकों को वहां से खदेड़ा। साथ ही जिन दुकानों पर 10 से 15 ग्राहक खड़े थे उन्हें दूसरी दुकान पर जाने के लिए कहा गया। इस बीच कुछ व्यापारियों की पुलिस के साथ बहस भी हुई। उधर, बाजार में बिना मास्क के घूम रहे युवकों से भी पूछताछ की गई। मंडी में बाजार खुलने के हर आधे घंटे बाद हालात बदलते रहे। कई बार जाम के हालात बने। वहीं कोटला बाजार में भी यही हाल रहा।
गाड़ियों के आवागमन पर लगे प्रतिबंध
संयुक्त व्यापार संघ मंत्री एवं सदर व्यापारी अंकित गुप्ता ने कहा कि बाजार में सुबह सात बजे से ग्यारह बजे तक मुख्य मार्केट में गाड़ियां नहीं आनी चाहिए। इसके लिए चारों तक पार्किंग की व्यवस्था होनी चाहिए। सदर वामन भगवान मंदिर के पास, ढोलकी मोहल्ला आदि स्थानों पर गाड़ियों को खड़ा किया जा सकता है।