मेरठ से बुलंदशहर और मथुरा के लिए नई ट्रेनें चलाएं
मेरठ। दिल्ली में उत्तर रेलवे मंडल की बैठक में बृहस्पतिवार को सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने अध्यक्षता करते हुए मेरठ से बुलंदशहर और मथुरा तक नई ट्रेनें चलाने की मांग उठाई। उन्होंने मेरठ जिले में रेलवे क्रॉसिंग पर जाम लगने से निजात दिलाने की बात भी कही।
सांसद ने कहा मेरठ-दिल्ली रेलवे लाइन पर मोहिउद्दीनपुर रेलवे स्टेशन समीप स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर सड़क यातायात लंबे समय के लिए अवरुद्ध हो जाता है। स्टेशन का तकनीकी निरीक्षण कराकर कंटेनर डिपो में माल गाड़ियों से माल उतारने की ऐसी व्यवस्था बनाई जानी चाहिए, जिससे रेलवे क्रॉसिंग पर सड़क यातायात लंबे समय के लिए अवरुद्ध न हो। मेरठ सिटी मंडी साइडिंग स्टेशन का निर्माण और स्थापना केसरगंज मंडी में की गई थी। इसमें बुकिंग ऑफिस, शेडस, प्लेटफार्म तथा तीन रेलवे ट्रैक निर्मित है परंतु यह निर्माण अब उपयोग में नहीं है। यहां पर रेलवे की काफी जमीन भी है। उन्होंने कहा कि पावली खास रेलवे स्टेशन लगभग एक शताब्दी पहले बनाया गया था, लेकिन आज स्टेशन की पूर्व दिशा में मोदीपुरम, पल्लवपुरम इत्यादि कॉलोनियों की लगभग दो लाख आबादी रहती है। इनको पावली खास स्टेशन पहुंचने के लिए रेलवे लाइन पार करनी पड़ती है। रेलवे फाटक बंद होने पर जाम लग जाता है। समस्या का समाधान होना जरूरी है।