दौराला - रुहासा गांव में आयोजित प्रतियोगिता में शामिल मख्य अतिथि।
दौराला। रुहासा गांव में बुधवार को दो दिवसीय सईद अख्तर मेमोरियल कबड्डी प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में रुहासा कबड्डी क्लब की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैनपुरी कबड्डी क्लब को 35 अंकों के अंतर से हरा दिया। रुहासा की टीम ने 56 अंक हासिल किए, जबकि मैनपुरी की टीम 21 अंक ही बना सकी। मुकाबले के दौरान खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। मैच देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में खेल प्रेमी पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुनेश सिंह और ओलंपियन कोच अंकुश पूनिया ने फीता काटकर किया। अतिथियों ने मैदान में उतरी दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें खेल भावना के साथ खेलने के लिए प्रेरित किया। आयोजक रफी रिजवी और डॉ. अंसार ने बताया कि दो दिवसीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इस दौरान एसएस रिजवी, अरीज रिजवी, अर्श रिजवी, साजिद रिजवी, शरीफ आदि मौजूद रहे।