एडीजी दफ्तर के बाहर शव रख किया हंगामा
मेरठ। खरदौनी के ग्रामीणों ने सोमवार सुबह एडीजी दफ्तर के बाहर एंबुलेंस में नियाज मौहम्मद का शव रखकर भावनपुर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर हंगामा किया। मृतक के बेटे रियाजुल को टैंकर चोरी के झूठे मुकदमे में जेल भेजने का आरोप भी लगाया है। आरोप है कि छोड़ने के नाम पर दरोगा ने तीन लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी, जिसके चलते नियाज को हार्ट अटैक आया। मेडिकल पुलिस ने परिजनों को समझा बुझाकर मामला शांत किया और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस के मुताबिक, इंचौली थाना क्षेत्र के गांव खरदौनी के ग्रामीणों ने भावनपुर पुलिस पर वसूली का आरोप लगाते हुए एडीजी कार्यालय पर शव रखकर हंगामा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भावनपुर पुलिस ने ट्रक चोरी के आरोप में 22 नवंबर को रियाजुल को पकड़ा था। 26 नवंबर को थाने में तैनात दरोगा भगवती प्रसाद ने छोड़ने के नाम पर तीन लाख रुपये की मांग की थी। जिसके कारण युवक के पिता नियाज मोहम्मद को भावनपुर थाने में ही अटैक आ गया। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। सोमवार सुबह उनकी मौत हो गई।
मृतक के परिजन एंबुलेंस में शव लेकर एडीजी दफ्तर पहुंचे तथा भावनपुर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। दरोगा पर टैंकर चोरी का झूठा मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने का आरोप लगाया। सीओ सिविल लाइन अरविंद कुमार चौरसिया व सीओ सदर देहात देवेश सिंह, मेडिकल व भावनपुर पुलिस ने पहुंचकर परिजनों को समझा बुझाकर शांत कराया। मृतक के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी देहात केशव कुमार का कहना है कि सीओ सदर देहात से मामले की जांच कर रिपोर्ट मांगी गई है।