हादसे के आरोपी कार चालक की गिरफ्तारी के लिए थाने में हंगामा
खरखौदा। राष्ट्रीय राजमार्ग 334 पर गांव बिजौली के सामने 12 दिन पहले हादसे में दिल्ली निवासी बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई थी। इस मामले में रविवार को परिजनों ने थाने पहुंचकर जमकर हंगामा किया। परिजनों ने आरोपी कार चालक को गिरफ्तार करने की मांग की।
दिल्ली के शाहदरा संजय नगर निवासी सूरज (32 वर्ष) पुत्र मित्तल पाल और उसके दोस्त चमन विहार कॉलोनी गाजियाबाद निवासी योगेश (35 वर्ष) पुत्र सुरेश 12 दिन पूर्व शाम के समय क्षेत्र के गांव बिजौली में अपनी रिश्तेदारी में मिलने आ रहे थे। मेरठ-बुलंदशहर मार्ग पर बिजौली मोड़ के नजदीक तेज गति से आ रही कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी थी, जिससे उनकी दोनों युवकों की मौत हो गई थी। आरोपी कार चालक हादसे के बाद गाड़ी को मौके पर छोड़कर फरार हो गया था। गाड़ी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली थी। रविवार को थाने पर पहुंचे दोनों मृतकों के परिजनों ने जमकर हंगामा किया तथा आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।