खरखौदा (मेरठ)। गाजियाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव तलहेटा निवासी मदनपाल हत्याकांड में पुलिस के खुलासे से असंतुष्ट परिजनों ने खरखौदा थाने पर हंगामा किया। उन्होंने तीसरे आरोपी को भी मामले में शामिल कर जेल भेजने की मांग की। पुलिस ने परिजनों को आश्वस्त किया कि तीसरे आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
बृहस्पतिवार सुबह खरखौदा थाना क्षेत्र के गांव धनतला के जंगल में किसानों ने नाले में नग्न शव पड़ा देख पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से निकलवाया। उसका पूरा शरीर नुकीले हथियार से गोदा गया था। गाजियाबाद के थाना भोजपुर क्षेत्र के गांव तलहेटा निवासी मदनपाल के पुत्र सचिन ने थाने पहुंचकर शव की शनाख्त अपने पिता के रूप में की थी। सचिन ने बताया था कि गांव के ही मोनू उर्फ प्रणव शर्मा विजय त्यागी और सचिन बुधवार शाम उसके पिता को घर से बुलाकर ले गए थे।
इस मामले में पुलिस ने आरोपियों को तलहेटा गांव से गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ के बाद पुलिस ने सचिन को छोड़ दिया था। पुलिस के मुताबिक मदनपाल को साथ लेकर आरोपी भैंसा बुग्गी से खरखौदा लाए थे। यहां इन लोगों ने शराब पी। लौटते समय शराब के नशे में कहासुनी के बाद मारपीट हुई। इसके बाद मदनपाल को नग्न कर नुकीले हथियार से शरीर गोदने के बाद गमछे से गला घोटकर उसकी हत्या कर दी गई। शव नाले में फेंक दिया और उसके कपड़े जलाकर आरोपी गांव लौट गए।
इस मामले में मदनपाल के परिजनों के साथ कुछ ग्रामीण थाने पहुंचे। उन्होंने आरोपी सचिन को भी जेल भेजने की मांग की। पुलिस ने उन्हें समझाकर शांत किया। सीओ किठौर पवन चौधरी का कहना है कि हत्याकांड में प्रणव शर्मा, विजय त्यागी और तीसरा आरोपी सचिन भी शामिल है। पीड़ित पक्ष की ओर से पहले दो आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी थी, लेकिन जांच में तीसरा आरोपी भी शामिल पाया गया है। सचिन को भी इस हत्याकांड में शामिल किया गया है।