सरूरपुर। सिवालखास विधानसभा क्षेत्र में सड़कों की बदहाली दूर करने की दिशा में शासन ने 4 करोड़ 30 लाख 81 हजार रुपये की परियोजना को मंजूरी दी है। विधायक हाजी गुलाम मोहम्मद की पैरवी पर लोक निर्माण विभाग ने 4.60 किलोमीटर सड़क के निर्माण और विशेष मरम्मत को स्वीकृति दी है। इसमें दौराला-बरनावा मार्ग पर हर्रा और मैनापूठी की आबादी में सीसी सड़क निर्माण कार्य कराया जाएगा।
विधायक हाजी गुलाम मोहम्मद ने क्षेत्र की जर्जर सड़कों का मुद्दा उठाते हुए लोक निर्माण विभाग को पत्र सौंपा था। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र की 19 सड़कों की विशेष मरम्मत कराने की मांग की थी। वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत विभाग ने प्रस्तावित कार्यों में शामिल सड़क परियोजना को मंजूरी प्रदान की है। विभागीय स्वीकृति के अनुसार, दौराला-बरनावा मार्ग पर हर्रा और मैनापूठी के आबादी वाले हिस्सों में सीसी सड़क बनाई जाएगी। परियोजना पूरी होने के बाद संबंधित मार्गों पर आवागमन सुगम होने की उम्मीद है। आबादी वाले हिस्सों में सीसी सड़क बनने से स्थानीय लोगों को भी राहत मिलेगी। विधायक ने कहा कि क्षेत्र की सड़कों की स्थिति सुधारना उनकी प्राथमिकता है। इसके लिए लगातार विभागीय अधिकारियों और शासन स्तर पर पैरवी की जा रही है।