मेरठ। महिला और उसके भतीजे से एक व्यक्ति ने 35 लाख रुपये हड़प लिए। रकम वापस मांगने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। महिला ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। दिल्ली के गार्डन सैनिक फार्म निवासी संतोष सिंह ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनका भतीजा प्रताप सिंह तोमर रेडियोलॉजिस्ट है। बेगमपुल पर उसका डायग्नोस्टिक सेंटर है। गंगानगर की राधा गार्डन डिफेंस कॉलोनी निवासी अश्वनी शर्मा उसके सेंटर पर सामान की सप्लाई करता था। अश्वनी कुमार ने उनसे और भतीजे प्रताप सिंह तोमर से जान-पहचान बढ़ा ली थी। आरोप है कि झांसा देकर दोनों से धोखाधड़ी कर गांधी बायोटेक एंड डायग्नोस्टिक कंपनी में 35 लाख रुपये कई किश्तों में ट्रांसफर करा लिए। बाद में पता चला कि एक फर्जी पार्टनरशिप डीड बनाकर धोखाधड़ी की गई। इसमें उन्हें पार्टनर दिखाकर रुपये हड़पे गए। अब आरोपी धमकी दे रहा है। शिकायत पर लालकुर्ती पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। ब्यूरो