मेरठ। साइबर अपराधी ने रोहटा थाने में तैनात दरोगा कौशल कुमार के पिता राजन सिंह के खाते से 14 लाख रुपये निकाल लिए। पिता की कैंसर की बीमारी के इलाज के लिए दरोगा बैंक से रुपये निकालने गए तो ठगी का पता चला। दरोगा का आरोप है इस ठगी में बैंक का स्टाफ भी शामिल है। साइबर क्राइम थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बदायूं जिले के सहसवान कस्बे के मोहल्ला काशीराम निवासी कौशल कुमार पुलिस में दरोगा हैं। वर्तमान में उनकी तैनाती रोहटा थाने में है। परिवार समेत वह मेरठ में रह रहे हैं। पिता राजन सिंह कैंसर से ग्रसित हैं। वह पिता इलाज करा रहे हैं। गत 26 जुलाई को उन्होंने पिता के बैंक खाते से रुपये निकाले तो पता चला कि खाते में अनुमानित से कम धनराशि है। उन्होंने बैंक कर्मचारियों से पूछताछ की तो बताया गया कि दो जुलाई से 22 जुलाई के बीच यूपीआई के माध्यम से 14,04,000 रुपये अनधिकृत रुपये से निकाले गए हैं।
आरोपी का नाम बैंक कर्मचारियों ने विशाल निवासी मोहल्ला काशीराम कस्बा सहसवान बताया। आरोप है कि दरोगा ने जब पिता की अनुमति के बिना यूपीआई आईडी बनाए जाने के बारे में पूछा तो बैंक कर्मचारियों ने कुछ भी बताने से मना कर दिया। इस प्रकरण में किसी तरह का सहयोग नहीं दिया। आरोप है कि इसमें बैंक कर्मचारियों की भी मिलीभगत है। दरोगा ने मामले की शिकायत नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर की। इसके बाद साइबर क्राइम थाने में बैंक प्रबंधक व अन्य शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
कारोबारी से 12.70 लाख रुपये ठगे
मेरठ। साइबर अपराधियों ने सुभाष रबर वर्क्स प्राइवेट लिमिटेड के संचालक से 12.70 लाख रुपये ठग लिए। रेलवे रोड थाना क्षेत्र के जैन नगर निवासी संदीप जैन की फर्म में रबड़ के कई उत्पाद बनाए जाते हैं। साइबर क्राइम थाने में दी तहरीर में उन्होंने बताया कि एक सितंबर को उनके पास अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को सिविल डिफेंस से बताया और उनसे ऑर्डर के बारे में बात की। इसके बाद उन्हें अपनी बातों में फंसा लिया। आरोपी ने उनसे 12.70 लाख रुपये धोखाधड़ी से अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। पीड़ित ने ठगी गई रकम वापस दिलाने की मांग की। संवाद
-
युवक के खाते से निकाले 80 हजार रुपये
मेरठ। साइबर अपराधियों ने इंचौली क्षेत्र के जलालपुर निवासी अपिन कुमार के बैंक खाते से 80 हजार रुपये निकाल लिए। साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए पीड़ित ने बताया कि मोदीपुरम स्थित एचडीएफसी बैंक में उनका खाता है। गत 27 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे उनके खाते से आठ बार 10-10 हजार रुपये निकाले गए। जबकि उन्होंने किसी को कोई ओटीपी भी नहीं दिया। आरोप है कि इसमें बैंक का स्टाफ भी जिम्मेदार है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। संवाद
-
10 दिन से बंद था मोबाइल नंबर, यूपीआई से निकले रुपये
मेरठ। मवाना खुर्द निवासी शादाब के खाते से साइबर अपराधियों ने यूपीआई के माध्यम से 30,392 रुपये निकाल लिए। पीड़ित के मुताबिक 10 दिन से उसका मोबाइल नंबर बंद था। इसके बावजूद 24 और 25 अगस्त को उसके खाते से रुपये निकाल लिए गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है। संवाद
- सभी मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जिन खातों में ठगी की रकम ट्रांसफर हुई है, उनकी जानकारी जुटाई जा रही है। बैंकों को रकम फ्रीज करने के लिए रिपोर्ट भी भेजी जा रही है। -अवनीश कुमार, एसपी क्राइम।