आईटीआई में मैच के बाद विजेता टीम को किया गया सम्मानित
आईटीआई में महावीर त्यागी मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में हुए दो फाइनल
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। आईटीआई क्रिकेट एकेडमी में खेले जा रहे महावीर सिंह त्यागी मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को डायमंड और गोल्ड कप के फाइनल मैच खेले गए। इसमें रॉयल गरुड और टैक्स टाइटंस ने फाइनल मैच जीतकर ट्रॉफी पर कब्जा किया।
गोल्ड कप का फाइनल मैच रॉयल गरुड़ और एनआर ब्रदर्स टीम के बीच खेला गया। एनआर ब्रदर्स की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी की। रॉयल गरुड की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 188 रन बनाए। टीम की ओर से अंकुल ने 65 रन की पारी खेली। एनआर बद्रर्स की ओर से नितिन चौहान ने तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एनआर ब्रदर्स की पूरी टीम 125 रन पर आउट हो गई। टीम की ओर से अंकित ने 40 रन बनाए। रॉयल गरुड की ओर से विशु ने 4, ईशान ने तीन और गोपाल ने दो विकेट लिए। रॉयल गरुड ने 63 रन से मैच जीतकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। प्लेयर ऑफ द मैच अंकुर रहे। सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज विशु और बल्लेबाज अंकित को चुना गया। मुख्य अतिथि रोहन कक्कड़ और नीरज ने विजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
डायमंड कप का फाइनल मैच टैक्स टाइटंस और राय स्पोर्ट्स क्लब के बीच हुआ, जिसमें टैक्स टाइटंस ने 65 रन से मैच जीतकर ट्रॉफी पर कब्जा किया।टाइटंस की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 207 रन बनाए। इसमें तपन ने सबसे अधिक 89 रन बनाए। राय स्पोर्ट्स की ओर से मनीष और अरुण ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी राय स्पोर्ट्स की टीम 142 रन बनाकर आउट हो गई। इसमें अनिल राणा ने 34 रनों की पारी खेली। गेंदबाजी में ऋषि राज ने 5 और तपन ने तीन विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच तपन को चुना गया। मुख्य अतिथि लेमफोर्ड बायोटेक के एमडी एचएस सिसोदिया ने विजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस मौके पर पूर्व रणजी ट्रॉफी प्लेयर राहत इलाही, पूर्व क्रिकेटर अनुज त्यागी, सौरभ सिसोदिया, क्रिकेट कोच अतहर अली, रूपेश रवि मौजूद रहे।