लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी जर्जर रोहटा रोड की अधिकारी से लेकर जनप्रतिनिधि तक कोई भी सुध लेने को तैयार नहीं है। लोगों के विरोध के बाद भी प्रशासनिक अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं। रोहटा रोड के आसपास रहने वाले लोगों और व्यापारियों ने अब सड़क बनावाने के लिए आरपार की लड़ाई लड़ने का मन बना लिया है।
जन कल्याण वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष दुष्यंत रोहटा का कहना है कि रोहटा रोड की जर्जर हालत व नाला निर्माण न होने से बरसात में विकट समस्या से लोगों को जूझना पड़ रहा है। अधिकारियों को लोगों की समस्याएं नहीं दिखाई दे रही हैं। हालात यह है कि थोड़ी सी भी बारिश से सड़क पर जलभराव हो जाता है। कई बार शिकायत करने और धरना प्रदर्शन कर विरोध जताने के बाद भी किसी अधिकारी या जनप्रतिनिधि ने सड़क के बारे में नहीं सोचा। इससे लोगों में रोष है। उन्होंने कहा कि यदि एक सप्ताह में समस्या का समाधान नहीं होता है तो सड़क पर विपक्षी पार्टियों के नेता और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों को बुलाकर महापंचायत की जाएगी।