ज्वालागढ़ पहुंचे विभिन्न दलों के नेता व कश्यप समाज के लोग, लापरवाही का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना (मेरठ)। थाना क्षेत्र के गांव ज्वालागढ़ में बुधवार को विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और कश्यप समाज के लोग पहुंचे। उन्होंने मृतक रोहित उर्फ सोनू कश्यप की मौसी मदनवती समेत परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान परिजनों ने घटना को लेकर पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए।
रिश्तेदारों का कहना था कि वारदात से पहले रोहित ने सलावा में चार युवकों के साथ चाउमीन खाई थी, जिसके पैसे भी रोहित ने ही दिए थे। आरोप लगाया गया कि घटना में अन्य युवक भी शामिल हो सकते हैं लेकिन पुलिस ने मामले में लीपापोती कर केवल एक नाबालिग को ही जेल भेज दिया। इसे लेकर विभिन्न दलों के नेताओं और सामाजिक संगठनों ने नाराजगी जताते हुए हंगामा किया। पुलिस ने निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया।
बुधवार को ज्वालागढ़ पहुंचे कश्यप निषाद संगठन के प्रदेश महासचिव प्रदीप कश्यप, कृष्णपाल कश्यप, भाजपा पिछड़ा मोर्चा सिवालखास-पांचली खुर्द कार्यकारिणी सदस्य राकेश कश्यप सहित अन्य सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने परिजनों से बात की। बताया गया कि रार्धना चौराहे पर शराब ठेके के पास कुछ अन्य युवक भी घटना से पहले देखे गए थे। नेताओं ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की। एसपी देहात अभिजीत कुमार भी मौके पर पहुंचे।
जनप्रतिनिधियों व मीडिया पर लगी रोक
कपसाड़ में हुए सुनीता हत्याकांड और रूबी अपहरण प्रकरण के बाद जिस तरह पुलिस ने गांव में जनप्रतिनिधियों और मीडिया की आवाजाही पर रोक लगाई थी, उसी तरह ज्वालागढ़ में भी पीड़ित परिवार के घर की ओर जाने वाले रास्ते पर लगभग सौ मीटर पहले पुलिस बल तैनात कर दिया गया। बाहरी लोगों और मीडिया के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। सीओ आशुतोष कुमार दिनभर गांव में डटे रहे और स्थिति पर नजर बनाए रखी।
सरधना। गांव ज्वालागढ़ में सोनू के रिश्तेदारों के घर जाने वाले रास्ते को किया सील। संवाद