- गेम सिटी एरेना में चल रहे फेडरेशन कप में खेला गया मैच
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। किला रोड स्थित गेम सिटी एरेना में चल रहे गट्स एंड ग्लोरी कॉरपोरेट क्रिकेट टूर्नामेंट में शनिवार को रॉकफोर्ड इलेवन और केजीएफ इलेवन के बीच मैच हुआ। इसमें रॉकफोर्ड इलेवन की टीम ने आठ विकेट से जीत प्राप्त की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए केजीएफ इलेवन की टीम 18.5 ओवर में 162 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से दीपेश मावी ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 69 रन बनाए। विवेक ने 44 रन का योगदान दिया। रॉकफोर्ड इलेवन की ओर से गेंदबाजी में विन्नी और आदित्य ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-3 विकेट हासिल किए। वहीं, नितिन भारद्वाज ने दो विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा।
इसके बाद 163 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉकफोर्ड इलेवन की टीम ने विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। टीम ने 11.4 ओवर में दो विकेट खोकर 165 रन बना लिए। टीम की जीत में राहुल ने 53 रन की तेजतर्रार पारी खेली जबकि विन्नी ने 39 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। केजीएफ इलेवन की ओर से विनी और प्रशांत ने 1-1 विकेट प्राप्त किया लेकिन वे रॉकफोर्ड इलेवन के बल्लेबाजों को रोकने में सफल नहीं हो सके। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए विन्नी को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच के समापन पर प्रबंधक नलिन अग्रवाल ने विजेता टीम को बधाई दी।