यूपी के मवाना में किला बस स्टैंड पर बुधवार देर रात चोरों ने एक पान की दुकान का ताला तोड़कर हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार नगर के मोहल्ला तिहाई निवासी मोनू पुत्र अमीचंद ने बताया कि वह नगर स्थित किला बस स्टैंड पर पान की दुकान करता है। देर रात अज्ञात बदमाशों ने उसकी दुकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
बुधवार देर रात वह नौ बजे दुकान बंद करके अपने घर लौट गया। बृहस्पतिवार सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचा तो दुकान के ताले टूटे मिले। इस पर उसने दुकान खोलकर देखा तो दुकान से सामान चोरी हो चुका था। पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी दी। पीड़ित ने घटना की तहरीर दी है। थाना प्रभारी मनीष बिष्ट ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
नहीं लगा चोरों का सुराग
सठला गांव में परचून के थोक विक्रेता के यहां दिनदहाड़े हुई लाखों की चोरी के मामले में पुलिस दूसरे दिन भी खाली हाथ रही। पुलिस को कोई अहम सुराग नहीं मिला, जिससे वह चोरों के नजदीक पहुंच सके।
बताते चले कि बुधवार को सठला गांव निवासी कलाम खां के मकान का ताला तोड़कर चोरों ने दस तोले सोने के जेवरात व 1 लाख 65 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली थी।
घर पहुंचने पर पीड़ित को सामान इधर उधर पड़ा देख मामले की जानकारी हुई थी। इस मामले में बृहस्पतिवार को दूसरे दिन भी पुलिस खाली हाथ रही। थाना प्रभारी मनीष बिष्ट का कहना है कि चोरों की तलाश जारी है, जल्द ही चोर पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/