ततीना गांव में दिनदहाडे़ दो घरों में चोरी
मवाना। गांव ततीना में दिनदहाडे़ दो घरों में चोरी कर ली गई। दोनों घरों से जेवरात व नकदी चोरी हुई। जिस समय चोरी हुई उस समय परिवार के लोग खेत में गए हुए थे। एक संदिग्ध महिला के बच्चे के साथ गांव में घूमने की चर्चा है।
गांव ततीना निवासी अश्विन पुत्र बाबूराम तथा बंटी पुत्र जनेश्वर ने तहरीर में बताया कि दिन के समय उनके परिवार के लोग घरों में ताला लगाकर खेत में गए थे। इसी दौरान किसी ने घर का ताला तोड़कर अश्विन के घर से सोने के जेवरात तथा तीन हजार रुपये नकद तथा बंटी के घर से भी लाखों रुपये के सोने के जेवरात व 45 हजार रुपये चोरी कर लिए। परिवार के लोगों को घर लौटने पर इसकी जानकारी हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच की। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं गांव में चर्चा है कि एक संदिग्ध महिला एक बच्चे के साथ गांव में घूम रही थी। उसी ने ही यह चोरी की है।