परीक्षितगढ़ के ढाकपीर में पांच घरों में डकैती
परीक्षितगढ़। दर्जन भर हथियारबंद बदमाशों ने मोहल्ला ढाकपीर में बुधवार रात पांच घरों में परिजनों को बंधक बनाकर डाका डाला। वे लाखों रुपये के जेवरात एवं नगदी लूट ले गए। परिजनों ने किसी तरह बंधक मुक्त होकर शोर मचाया। यहां पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग की परंतु सुराग नहीं लग सका। बुधवार शाम विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने पहुंचकर जांच की। उधर, वारदात से पीड़ितों में दहशत का माहौल है।
हथियारबंद बदमाश रात करीब एक बजे ढाकपीर निवासी गुलजार के मकान में सीढ़ी के जरिए अंदर घुस गए। उन्होंने परिजनों आतंकित कर बंधक बना लिया। इसके बाद सेफ का ताला तोड़कर छह हजार रुपये, सोने की अंगूठी, चांदी का सेट, एक जोड़ी पाजेब लूट ली। इसके बाद बदमाशों ने गुलजार के पत्नी नाजरीन की कनपटी पर तमंचा लगाकर नाक की लोंग निकलवा ली। बदमाश परिजनों को बंधक बनाकर पड़ोसी फारूख के घर में घुस गए। वहां फारूख एवं उसकी पत्नी को बंधक बना लिया। इसके बाद चार जोड़ी कुंडल, 20 तोले चांदी, सोने का हार व दस हजार रुपये लूटे तथा घर में तोड़फोड़ की। इसके बाद बदमाश पड़ोसी रिहाना व उसके दो किराएदारों के घर में घुस गए। उन्होंने किरायेदार पप्पू व उसकी पत्नी खुर्शीदा, दूसरे किरायेदार जीशान व उसकी पत्नी मुस्कान बहन फरहा को हथियारों के बल पर कमरे में बंद कर दिया। बदमाशों ने पप्पू की सेफ का ताला तोड़कर 18 हजार रुपये, तीन जोड़ी कुंडल, दो पाजेब, एक कंगन लूट लिये। वहीं जीशान की अलमारी का ताला तोड़कर पांच हजार रुपये, एक जोड़ी कुंडल, पाजेब लूट ली। उधर, रिहाना घर का ताला लगाकर दिल्ली रिश्तेदारी में गई हुई थी। बदमाशों ने ताला तोड़कर दो अंगूठी, पांच जोड़ी सोने के कुंडल, सोने के चार कडे़, 16 कडे़ चांदी, 50 अंगूठी चांदी, 350 ग्राम चांदी, पांच जोड़ी पाजेब, नथ, टीका, एक जोड़ी झुमकी, पांच लोंग समेत 50 हजार रुपये लूट ले गए। वे पीड़ितों के मोबाइल लेकर फरार हो गए। उधर, पीड़ित गुलजार ने किसी तरह बंधक मुक्त होकर शोर मचाया। जिसे सुनकर पड़ोसियों की जाग हो गई। ग्रामीणों ने सभी पीड़ितों को बंधक मुक्त कराकर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने आसपास बदमाशों की तलाश में कांबिंग परंतु सुराग नहीं लग सका। बुधवार शाम विधि विज्ञान की टीम ने जांच की। वहीं, पीड़ितों ने थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी।
दो बेटियों के शादी के लिए जोड़ रखे थे जेवरात
रिहाना का पति रिजवान सऊदी अरब में नौकरी करता है। रिहाना ने अपनी दो बेटी सफीना एवं रानी की शादी के लिए जेवरात तथा नगदी जोड़कर रखी थी। बदमाश उन्हें लूटकर ले गए।
बदमाशों ने तीन घंटे तक लूटपाट की
बदमाशों ने पांचों घरों में तीन घंटे तक लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ितों कहना है कि बदमाशों के हाथों में रायफल, तमंचा व चाकू थे। वे जान से मारने की धमकी देेकर खौफ पैदा कर रहे थे। उन्होंने बताया कि बदमाश आपस में पंजाबी में बातें कर रहे थे।
सीओ सदर देहात अखिलेश भदौरिया के अनुसार परीक्षितगढ़ थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की दो टीम लगाई है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया जाएगा। इस वारदात में पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारी भी मिली है, जिस पर काम चल रहा है।