खरखौदा(मेरठ)। दपंती से लूट कर भाग रहे बदमाशों को पुलिस ने जंगल में घेर लिया। बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुुलिस ने दो बदमाशों को दबोच लिया, जबकि तीसरा भागने में सफल रहा। एक बदमाश पर मेरठ के कई थानों में 20 मामले दर्ज है।
सोमवार रात करीब 10:30 बजे कांशीराम कॉलोनी निवासी रेहान अपनी पत्नी मुस्कान के साथ बाइक पर सवार होकर मेरठ से घर लौट रहा था। कांशीराम कॉलोनी में थ्री व्हीलर स्टैंड पर पहुंचे तो पीछे से बाइक पर आए तीन बदमाशों ने उन्हें रोकर गन प्वाइंट पर ले लिया। बदमाशों ने रेहान से 2600 रुपये, मोबाइल लूट लिया और फरार हो गए। पीड़ित की सूचना पर पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग की। मंगलवार तड़के करीब चार बजे पुलिस ने बदमाशों को नरहाड़ा के जंगल में घेराव कर लिया। बदमाश पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर भागने लगे। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने दो बदमाशों को दबोच लिया, जबकि तीसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। घायल बदमाश ने अपना नाम अतिबुर्रहमान उर्फ आतिब पुत्र रुऊफर्रहमान निवासी खैरनगर थाना देहली गेट तथा दूसरे ने अपना नाम जुबैर खान पुत्र शानखान निवासी खैरनगर तथा फरार साथी का नाम शाहिल उर्फ खब्बा पुत्र इनाम निवासी लक्खीपुरा थाना लिसाड़ी गेट बताया। पुलिस ने दंपती से लूट के 2600 रुपये व मोबाइल व 15 दिन पहले फफूंड़ा बाईपास पर दवा व्यापारी से लूट के 1000 रुपये सहित एक बाइक, दो तमंचे भी बरामद करने का दावा किया है। पुलिस ने घायल बदमाश को इलाज के लिए मेडिकल में भर्ती करा दिया है तथा दूसरे बदमाश को पुलिस ने जेल भेज दिया। सीओ शैलेश सिंह ने बताया कि ये बदमाश खरखौदा क्षेत्र में लगातार घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
घायल बदमाश पर है 20 मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार घायल बदमाश अतिबुर्रहमान एक शातिर लुटेरा है। अतिबुर्रहमान थाना देहली गेट, दौराला, नौचंदी, परतापुर सहित सभी थानों में हत्या, लूट सहित गंभीर मामलों में वांछित हैं।