मेरठ। भावनपुर थाना पुलिस ने लूट के मामले में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जिनसे तमंचा, कारतूस और लूट का सामान बरामद किया गया है। इनमें से एक आरोपी की नौ फरवरी को बरात जानी थी।
सीओ सदर देहात अखिलेश भदौरिया ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि गांव रजपुरा निवासी दवा कंपनी के प्रतिनिधि शशांक चौधरी से तीन जनवरी को रजपुरा-छिलौरा मार्ग पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने पांच हजार रुपये और बैग लूट लिया था। रविवार रात पुलिस ने बाइक सवार गांव किनानगर निवासी रोबिन पुत्र अतर सिंह, जितेंद्र पुत्र शिव सिंह और चंदन पुत्र दिलावर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से पूछताछ के बाद लूटा गया बैग गांव मैदपुर स्थित कब्रिस्तान के समीप झाड़ियों से बरामद किया गया।
दूल्हा बनने के बजाय पहुंचा हवालात
सीओ सदर देहात ने बताया कि लूट के मामले मे गिरफ्तार गांव किनानगर निवासी चंदन पुत्र दिलावर सिंह की अगले माह नौ फरवरी को गांव मीरापुर बरात जानी थी। चंदन के खिलाफ भावनपुर थाने में लूट, आर्म्स एक्ट और संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज है। वहीं, रोबिन व जितेंद्र का भी आपराधिक रिकॉर्ड निकला। रोबिन के खिलाफ थाना गौतमबुद्व नगर में छह, मुंडाली थाने में एक और भावनपुर थाने में सात मुकदमे दर्ज हैं। जितेंद्र पर मेडिकल और भावनपुर थाने में दो-दो मुकदमे दर्ज हैं। बदमाशों के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट में कार्रवाई की जा रही है।