मेरठ। पिछले दिनों लखनऊ से दिल्ली आ रही रोडवेज बस दुर्घटना को लेकर विभाग में अभी तक हड़कंप मचा हुआ है। रोडवेज के नवनियुक्त एमडी डॉ. राज शेखर ने चार्ज लेते ही यात्रियों की सुरक्षा पर काम करना शुरू कर दिया है। सुरक्षित सफर को लेकर उठाए जा रहे कदमों की समीक्षा करने के लिए एमडी ने सूबे के सभी आरएम को लखनऊ तलब किया है। बृहस्पतिवार को चली लंबी बैठक में भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।
पिछले दिनों लखनऊ से दिल्ली आ रही रोडवेज की जनरथ सेवा आगरा के निकट दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस हादसे में 29 यात्रियों की मौत हो गई थी और 27 यात्री घायल हो गए थे। इतनी बड़ी घटना से शासन तक हिल गया था। मामले की जांच में चालक को झपकी आने से दुर्घटना होना सामने आया। हालांकि सीएम योगी आदित्यनाथ ने चालक के अलावा लंबी दूूरी पर दो चालकों को नहीं भेजने के जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच करने को कहा है। लखनऊ में आयोजित बैठक में शामिल होने पहुंचे मेरठ रोडवेज रीजन के आरएम नीरज सक्सेना ने बताया कि विभाग यात्रियों का सफर सुरक्षित करने में जुटा है। इसी को लेकर एमडी ने समीक्षा बैठक बुलाई थी। बैठक में लंबी दूरी की बसों में डबल ड्राइवर भेजने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही चालकों की नियमित जांच कराने और परिचालकों द्वारा इन पर नजर रखने को कहा गया है। खासतौर पर रात 12 बजे से लेकर सुबह 6 बजे तक चालकों से नियमित बातचीत करने और समय-समय पर मुंह धुलवाकर चाय पिलाने को कहा गया है।