जानकारी के अनुसार जानसठ में पानीपत खटीमा मार्ग पर तेज गति से आ रही बिजनौर डिपो की अनुबंधित रोडवेज बस की सामने से सीधी टक्कर लगने से सड़क पर साइड में खड़ी हुई कक्षा दस की छात्रा सना पुत्री यूनुस ग्राम जटवाड़ा की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया गया कि रोडवेज का पहिया छात्रा के ऊपर से उतर गया। सूचना मिलते ही पुलिस और परिवार वाले मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को उठाने की कोशिश की तो परिवार वालों ने शव को उठाने से मना कर दिया और पुलिस के साथ भी नोकझोंक हुई।
थानाध्यक्ष योगेश शर्मा द्वारा निष्पक्ष कार्यवाही का भरोसा दिए जाने के बाद परिवार वालों ने शव को उठाने दिया। बस चालक दिलीप कुमार रोडवेज बस को छोड़कर फरार हो गया। राहगीरों ने परिचालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया और बस को भी पुलिस कब्जे में लेकर थाने ले आई। पीड़ित परिवार की तरफ से दी गई तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।