कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का बुधवार को सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम का कार्यक्रम रद हो गया है। अब राहुल गांधी रोड शो से पहले बृहस्पतिवार सुबह करीब छह बजे ही हेलीकॉप्टर से मेरठ पहुंचेंगे।
सर्किट हाउस से करीब 11 बजे उनका रोड शो शुरू होगा। यह जानकारी मेरठ पहुंची अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव नगमा मोरारजी ने प्रेेस को दी। उन्होंने बताया कि रोड शो एतिहासिक होगा और सभी नेता व कार्यकर्ता अपने वाहनों के साथ रोड शो में शिरकत करेंगे। जिलाध्यक्ष विनय प्रधान और महानगर अध्यक्ष कृष्ण कुमार शर्मा किशनी ने बताया कि सर्किट हाउस से शुरू होकर रोड शो परतापुर चेक पोस्ट पर खत्म हो जाएगा। यहां से सभी लोग राहुल गांधी के साथ जंतर मंतर पर होने वाली रैली में चले जाएंगे। रोड शोे के रूट पर पड़ने वाली बाबा साहब अंबेडकर और इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर राहुल गांधी माल्यार्पण करेंगे। घंटाघर, परतापुर चेक पोस्ट और मोहिउद्दीनपुर शुगर मिल पर लोगों को संबोधित करेंगे।
काजीपुर में किसानों ने भरे कर्ज माफी के फॉर्म
प्रेस कांफ्रेंस के बाद नगमा काजीपुर गांव पहुंचीं। कांग्रेस सेवा दल के जिलाध्यक्ष रोहित गुर्जर और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। नगमा ने यहां किसानों सेे कर्ज माफी के फॉर्म भरवाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार बनते ही वादे के मुताबिक दस दिन के अंदर किसानों का कर्ज माफ और बिजली बिल हाफ कर दिया जाएगा। इस मौके पर अनस खान, विनीत चपराना, सोनू बैसला, अनुज गुर्जर, शशिकांत जाटव, हरिओम त्यागी, हशमे आलम, अतुल त्यागी मौजूद रहे।
रात्रि विश्राम टलने के पीछे सुरक्षा की खामियां
राहुल गांधी के रात्रि विश्राम कार्यक्रम के टलने के पीछे सुरक्षा को कारण माना जा रहा है। सुरक्षा एजेंसी द्वारा सर्किट हाउस को असुरक्षित बताया गया है। राहुल गांधी की सुरक्षा में लगी एसपीजी की टीम चार दिन से सर्किट हाउस में डेरा डाले हुए थी। तथ्यों को जांचने के बाद सुरक्षा एजेंसी ने राहुल गांधी के मेरठ में रात्रि विश्राम को सुरक्षा के विपरीत मानते हुए कार्यक्रम निरस्त करा दिया। इस मामले पर एडीएम सिटी मुकेश चंद्र का कहना है कि ऐसा नहीं है, किसी अन्य व्यक्तिगत कारणों से रात्रि विश्राम टाला गया होगा। वहीं एडीएम सिटी मुकेश चंद्र ने मंगलवार को सीओ सिविल लाइन को सर्किट हाउस की बाबत पत्र लिखा है। इसमें कहा गया है कि सर्किट हाउस वीवीआईपी और वीआईपी लोगों के ठहरने के लिए है। लेकिन यहां सुबह चार बजे से ही लोगों का आना जाना शुरू हो जाता है, दिन में लड़के-लड़कियां घूमते हैं। जिस कारण यह वीवीआईपी लोगों के लिए रुकने के लिए उचित स्थान नहीं रह गया है।
रोड शो के कारण जाम से जूझेंगे लोग
गाजियाबाद। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के छह अक्तूबर को होने वाले रोड शो की तैयारियों में कांग्रेसी जुट गए हैं। राहुल गांधी के रोड शो का गाजियाबाद में नौ प्वाइंट पर स्वागत किया जाएगा। रोड शो की शुरुआत बृहस्पतिवार को मेरठ के सर्किट हाउस से सुबह 10.30 बजे होगी। फिर मेरठ के विभिन्न मार्गों से होते हुए उनका रोड शो करीब 12.30 से एक बजे के करीब मोदीनगर पहुंचेगा। रोड शो के स्वागत के लिए कांग्रेसियों की तैयारियों और उमड़ने वाली कार्यकर्ताओं की भीड़ से एनएच-58 पर लोगों को जाम का झाम झेलना पड़ सकता है। बृहस्पतिवार दोपहर एनएच-58 पर मेरठ से आने वाले लोगों को ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ सकती है।