फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सेना के दो जवानों को कुचला

Mon, 23 Nov 2015 02:16 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला मेरठ
विज्ञापन
विज्ञापन
सरधना रोड पर रविवार रात ट्रक चालक ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम दे दिया। बाइक सवार तीन युवकों से साइड लगने के विवाद के बाद चालक ने तीनों पर ट्रक चढ़ा दिया।
विज्ञापन


जिसमें दो युवकों की मौके पर मौत हो गई। मरने वाले दोनों युवक सेना में जवान होने के साथ ही रिश्ते में चाचा-भतीजा थे। जबकि घायल तीसरा युवक भी सेना में है। घटना की जानकारी पाकर शादी वाले घर में कोहराम मच गया।

पुलिस के मुताबिक थाना सरूरपुर क्षेत्र के गोटका गांव निवासी गौरव कुमार (25) पुत्र चंद्रपाल की रविवार को सगाई थी। गौरव का चाचा मोहित (28) पुत्र ज्ञान सिंह, उसका छोटा भाई शोभित (22) पुत्र चंद्रपाल और उसका दोस्त दीपक (24) सगाई में मिले सामान को कैंट इलाके में छोड़कर बाइक से वापस गांव लौट रहे थे।
विज्ञापन


इस बीच जब वे कंकरखेड़ा में सरधना रोड स्थित गोलू के ढाबे के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे पंजाब नंबर के ट्रक ने उन्हें साइड मार दी। जिससे तीनों युवक सड़क पर गिर गए। इस बीच बाइक सवार तीनों युवकों और ट्रक चालक के बीच कहासुनी होने लगी। दोनों पक्षों में गालीगलौज शुरू हो गई।

चालक ने नृशंसता दिखाते हुए सड़क पर खड़े तीनों युवकों को ट्रक से रौंद दिया। जिसमें मोहित और शोभित (चाचा-भतीजा) की मौके पर मौत हो गई जबकि दीपक घायल हो गया। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर सीओ दौराला डॉ. अरविंद कुमार मौके पर पहुंचे।

सेना में जवान थे दोनों युवक
परिजनों के मुताबिक मोहित आर्मी में जवान था। उसके पिता ज्ञान सिंह खेती करते हैं। भतीजा शोभित भी सैनिक है। उसके पिता चंद्रपाल आबूलेन स्थित राजमहल होटल में सहायक मैनेजर हैं।

उनका चाट बाजार, कैंट में निवास भी है। उन्हीं के मकान पर सगाई में मिला सामान रखवाने के लिए तीनों युवक बाइक से आए थे। सामान छोड़कर वापस जाते हुए यह हृदयविदारक हादसा हुआ। घायल दीपक भी सेना में जवान है।

पुलिस ने भगा दिया चालक?
सैनिक दीपक ने बताया कि घटना के बाद मौके से भाग रहे चालक को उसने एक राहगीर की मदद से पकड़ लिया था। इस बीच एक पुलिसकर्मी वहां पर पहुंच गया। जिसने दीपक से कहा कि इसे मैं देख लूंगा, तू पहले मोहित व शोभित को देख। उसके बाद पुलिसकर्मी ने ट्रक चालक को वहां से भगा दिया।

इस बात पर मोहित व शोभित के परिजनों ने थाने में हंगामा किया। परिजनों ने तहरीर दी है। सीओ दौराला का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द दबोचा जाएगा। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है।

खुशियों के घर में छाया मातम
मोहित और शोभित की मौत की सूचना जब गांव में पहुंची तो परिजनों में कोहराम मच गया। शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। बदहवास परिजन आनन-फानन में पहले मौके पर और फिर कंकरखेड़ा थाने पहुंच गए। उन्होंने चालक की गिरफ्तारी की मांग करते हुए हंगामा किया।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें