पुरानी मामले में समझौते का दबाव बनाने पहुंचे एक दर्जन से अधिक यूवको ने रिठानी में की फायरिंग पर
मेरठ। चार महीने पहले बजोट गांव में विनय जाटव के साथ मारपीट कर वीडियो वायरल करने और रिठानी में तीन महीने पूर्व हुई फायरिंग के मामले में समझौते का दबाव बनाने पहुंचे 12 से अधिक युवकों ने मंगलवार शाम रिठानी में तमंचे से फायरिंग कर दी। फायरिंग कर भाग रहे दो युवकों को लोगों ने पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। अचानक हुई फायरिंग की घटना से लोगों में दहशत व्याप्त हो गई।
परतापुर थाना क्षेत्र के रिठानी गांव व शताब्दीनगर में कुछ युवकों का गिरोह सक्रिय है। ये युवक रिठानी व आसपास के क्षेत्र में कई बार मारपीट व फायरिंग की घटनाएं कर चुके हैं। चार महीने पहले बजोट के बाग में कुछ युवकों के द्वारा रिठानी निवासी विनय जाटव के साथ मारपीट की गई थी, जिसका वीडियो आरोपियों ने सोशल मीडिया पर वायरल किया था। इसके अलावा तीन महीने पहले एक युवक से विवाद के बाद आधा दर्जन युवकों ने रिठानी में फायरिंग की थी। इस मामले में पुलिस ने तीन युवकों पर कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया था।
मंगलवार शाम मामले में समझौते का दबाव बनाने के लिए पांच बाइकों पर सवार 12 से अधिक युवक लाठी-डंडे लेकर सतवीर के मकान पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए सतवीर और विनय को बाहर निकलने की आवाज लगाई। सतवीर मकान से बाहर निकले तो एक युवक ने लोहे की राॅड से उन पर हमला कर दिया। शोर शराबा सुनकर कॉलोनी के लोग एकत्र हुए और युवकों का विरोध किया। जिस पर आरोपी युवकों ने स्थानीय युवकों पर हमला कर दिया। स्थानीय लोगों की संख्या बढ़ी तो एक युवक ने तमंचे से फायरिंग कर दी। फायरिंग से काॅलोनी में हड़कंप मच गया। इसके बाद लोगों ने आरोपियों की घेराबंदी शुरू की तो वे भागने लगे। लोगों ने पीछा कर दो युवकों को दबोच लिया और जमकर पिटाई की।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को तमंचे सहित हिरासत में ले लिया। सतवीर के द्वारा पुलिस को ऋषभ गुर्जर, आदित्य शर्मा, शिवा और आर्यन सहित बारह से अधिक अज्ञात युवकों के खिलाफ तहरीर दी। एएसपी अंतरिक्ष जैन ने बताया कि घटना में शामिल ऋषभ और आदित्य को हिरासत में ले लिया गया है, बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है। तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।