रुद्रा इंटरनेशनल स्कूल में इंटर हाउस क्रिकेट टूर्नामेंट में विजेता टीम। (स्त्रोत स्कूल) मवाना।
मवाना। रुद्रा इंटरनेशनल स्कूल में स्कूल के चारों हाउस के मध्य इंटर हाउस क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन हुआ। फाइनल मैच ऋगवेद टीम ने जीत कर ट्रॉफी पर कब्जा किया।
टूर्नामेंट का शुभारंभ मुख्य अतिथि राष्ट्रीय लोक दल आईटी प्रकोष्ठ के सह संयोजक विकास सिंह भैंसा, विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय लोक दल आईटी प्रकोष्ठ के मंडल संयोजक मोहित चौधरी जमालपुर और विशिष्ट अतिथि युवा राष्ट्रीय लोकदल के जिला उपाध्यक्ष अनिल कुमार ने टॉस उछालकर किया। पहले मैच में ऋगवेद हाउस की टीम ने यजुर्वेद हाउस की टीम को 51 रनों से हराया। दूसरे मैच में सामवेद हाउस की टीम ने अथर्ववेद हाउस की टीम को 57 रनों से हराया।
टूर्नामेंट के फाइनल मैच में ऋगवेद हाउस ने कप्तान हृदय चौधरी के निर्देशन में पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 6 ओवर में 2 विकेट खोकर 65 रन बनाए। कप्तान वासु के निर्देशन में लक्ष्य का पीछा करने उतरी सामवेद हाउस की टीम निर्धारित 6 ओवर में 4 विकेट खोकर मात्र 30 रन पर ही सिमट गई। फाइनल मुकाबला ऋगवेद हाउस ने 35 रनों से जीत लिया। विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।