छात्रसंघ चुनाव के हाईटेक रूप का असर महिला कॉलेजों पर भी दिखाई दिया। शुक्रवार को आरजी और मंगल पांडे कॉलेज में प्रत्याशियों ने पूरे जोर-जोश से नामांकन किया। आरजी में एबीवीपी की महामंत्री पद की प्रत्याशी का पर्चा जमा न होने पर जमकर हंगामा हुआ। आरजी में सात और मंगल पांडे में 12 नामांकन हुए।
आरजी में निर्दलीय भ्रष्टाचार विरोधी पार्टी की प्रत्याशी गाड़ियों पर बैनर, पोस्टर चिपकाकर नामांकन करने पहुंचीं। वहीं एबीवीपी की तीन प्रत्याशियों द्वारा फर्जी तरीके से नामांकन करने की कोशिश की गई। लेकिन कॉलेज प्रशासन ने पर्चा जमा नहीं किया। इससे हंगामा हो गया। कॉलेज गेट पर जाम लगाया और पुलिस से भी भिड़ंत हो गई। पुलिस ने किसी तरह स्थिति संभाली। छात्राओं के साथ बाहरी युवक भी नामांकन कराने पहुंचे थे। वहीं शहीद मंगल पांडे डिग्री कॉलेज में एबीवीपी का पैनल ढोल-नगाड़े के साथ नामांकन करने पहुंचा।
चीफ प्रीफेक्ट पद से हटाई प्रत्याशी
आरजी पीजी कॉलेज की चीफ प्रीफेक्ट अर्चना ने एबीवीपी से अध्यक्ष पद का पर्चा भरा है। अर्चना ने तीन दिन पहले पांच नामांकन फार्म लिए थे। अपने, श्रद्धा और दो अन्य नामों से पर्चे लिए। नामांकन जमा कराने पर महामंत्री पद की प्रत्याशी श्रद्धा की जगह अंजली शर्मा का फार्म आया, इसी तरह अन्य दो पदों पर भी जिन छात्राओं के नाम से फार्म गए थे, उनकी जगह अन्य छात्राआें के पर्चे आए। अर्चना ने पैनल पूरा करने के लिए छात्राओं से बात किए बिना ही आवेदन करने की कोशिश की। छात्रा की इस हरकत के कारण प्राचार्या व चुनाव अधिकारी डॉ. बीना राय ने उसे चीफ प्रीफेक्ट के पद से हटा दिया।
समर्थकों, पुलिस और प्राचार्य में बहस
नामांकन फार्म पर व्हाइटनर और पेन से नामाें क ो मिटाया गया। नामों में गड़बड़ी देखकर चुनाव अधिकारी डॉ. दीपशिखा, डॉ. बीना राय ने पर्चा जमा करने से इंकार कर दिया। थोड़ी देर बाद अन्य समर्थक, महामंत्री प्रत्याशी अंजली शर्मा का भाई व छात्र नेता भी कॉलेज गेट पर हंगामा करने आ गए। पुलिस ने समर्थकों को बाहर रोका तो पुलिस से भिड़ गए कुछ छात्र प्राचार्या डॉ. स्नेह गुप्ता के कक्ष में जाकर हंगामा करने लगे। समर्थकों, शिक्षकों व प्राचार्या के बीच देर तक लिंगदोह समिति के नियमों पर बहस होती रही। समर्थकों ने पर्चा जमा करने का दबाव बनाया, लेकिन कॉलेज ने इंकार कर दिया।
अपहरण और मारपीट तक पहुंची बात
आरजी कॉलेज में अध्यक्ष पद निर्दलीय प्रत्याशी शिवानी ने प्राचार्य से कहा अर्चना मेरा अपहरण कराने की धमकी दे रही थी। प्राचार्या ने दोनों प्रत्याशियों को समझाया। आगे से नियमों के पालन पर चुनाव करने को कहा। भ्रष्टाचार दल की प्रत्याशी पीले पर्चे से प्रचार कर रही थी, उनके पर्चे भी चुनाव अधिकारी डॉ. दीपशिखा ने फाड़ दिए।
ढोल के कारण मचा बवाल
शहीद मंगल पंाडे कॉलेज में एबीवीपी प्रत्याशी ढोल लेकर नामांकन करने आए। छात्राओं के साथ समर्थक भी झूमने लगे। पुलिसकर्मियों ने लड़कों और ढोल वालों को हटाया। यह देखकर छात्राओं ने हंगामा किया और माधवपुरम पुलिस चौकी चली गईं। समर्थकों ने भी चौकी पर जाकर हंगामा किया। चुनाव अधिकारी डॉ. अंजू सिंह ने कहा गेट के अंदर ऐसा कोई हंगामा नहीं हुआ। सड़क पर कुछ भी हो उसकी कॉलेज की जिम्मेदारी नहीं है।
आरजी डिग्री कॉलेज में इन्होंने किया नामांकन
भ्रष्टाचार विरोधी पार्टी से अध्यक्ष पद पर शिवानी बालियान, उपाध्यक्ष कंचन, महामंत्री कावेरी, संयुक्त सचिव भावना, कोषाध्यक्ष प्राची ने नामांकन किया। एबीवीपी से अध्यक्ष पर अर्चना व संयुक्त सचिव पर तानिया ने पर्चा भरा है। समाजवादी छात्रसभा, रालोद और एनएसयूआई से कोई पर्चा नहीं भरा गया है। शनिवार को नामांकन पत्रों की जांच, नाम वापसी के बाद अंतिम सूची जारी होगी। कॉलेज में 3 नवंबर को नामांकन था, लेकिन छात्राओं को तैयारी के लिए एक दिन और दिया गया। 4 नवंबर को नामांकन हुए मगर प्रत्याशी नहीं पहुंचे।
शहीद मंगल पांडे कॉलेज में प्रत्याशी
एबीवीपी से अध्यक्ष पद पर संस्कृति, उपाध्यक्ष सोनम कपासिया, बरखा रानी, महामंत्री शिप्रा गुप्ता और निशी चिकारा, सचिव विदुषी सेन, कोषाध्यक्ष सुषमा पाल ने नामांकन किया। समाजवादी छात्रसभा से अध्यक्ष पद पर स्वाति गुर्जर, उपाध्यक्ष नेहा, संयुक्त सचिव श्वेता, महामंत्री ज्योति, कोषाध्यक्ष के लिए भारती ने नामांकन किया है। कॉलेज में 13 छात्राओं ने पर्चा लिया था, लेकिन 12 ही नामांकन जमा कराने पहुंचीं। अध्यक्ष पद के लिए पर्चा लेने वाली रितिका ने आवेदन नहीं किया। इस बार भी मुकाबला एबीवीपी और समाजवादी छात्रसभा में होगा।