दीक्षांत के टॉपर्स की संशोधित सूची जारी, 11 तक करें आपत्ति
मेरठ। सीसीएसयू में 23 दिसंबर को होने वाले दीक्षांत समारोह के सभी टॉपर्स की विवि ने अंतिम संशोधित सूची बुधवार को जारी कर दी है। इस पर 11 दिसंबर तक आपत्ति मांगी गई है। इसके बाद सूची फाइनल कर दी जाएगी।
वर्ष 2021 के लिए 01 कुलाधिपति स्वर्ण पदक, 01 पूर्व राष्ट्रपति शंकर दयाल शर्मा स्वर्ण पदक, 02 चौधरी चरण सिंह स्मृति प्रतिभा पुरस्कार, 49 प्रायोजित स्वर्ण पदक, 153 कुलपति स्वर्ण पदक एवं 175 विशिष्ट योग्यता प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। विवि प्रशासन ने सूची अपलोड करते हुए 11 दिसंबर की शाम चार बजे तक आपत्ति देने को कहा है। स्वर्ण पदक छात्र-छात्राओं की सीसीएसयू की सूची वेबसाइट www.ccsuniversity.ac.in पर देखी जा सकती है।
सीसीएसयू में दीक्षांत समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को विवि प्रशासन ने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों के रविवार के साप्ताहिक अवकाश भी निरस्त कर दिए हैं। इस संबंध में सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश जारी किए गए हैं। दीक्षांत में टॉपर्स वाले छात्र-छात्राओं को स्पष्ट किया गया है कि वह वेबसाइट पर बताई गईं औपचारिकताओं को निर्धारित समय में पूरा कर दें। छात्र-छात्राओं से कहा गया कि जो प्रपत्र वेबसाइट पर दिए गए हैं, उन्हें भरकर विवि में जमा कर दें।
एमएड में काउंसिलिंग के लिए प्रमाण पत्र अपलोड करने का मौका
मेरठ। एमएड में काउंसिलिंग के लिए जिन छात्र-छात्राओं ने बीएड की मार्कशीट अपलोड नहीं की थी, उनसे आवेदन मांगे गए थे। अब भी बहुत से छात्र-छात्राओं ने बीएड की मार्कशीट की फोटो कॉपी अपलोड नहीं की है। विवि प्रशासन ने ऐसे छात्र-छात्राओं को अपनी मार्कशीट और प्रमाण पत्र दोबारा वेबसाइट पर अपलोड करने का मौका दिया है। छात्र-छात्राएं नौ से 12 दिसंबर के बीच अपनी लॉगइन आईडी से फार्म ओपन कर 12 दिसंबर की रात 12 बजे तक सभी प्रमाण पत्र अपलोड कर दें, इसके बाद छात्रों को कोई मौका नहीं दिया जाएगा।
एलएलएम की पहली वरीयता सूची से हुए प्रवेश
मेरठ। सीसीएसयू कैंपस-कॉलेजों में एलएलएम में पहली वरीयता सूची से बुधवार को प्रवेश शुरू हो गए हैं। पहली वरीयता सूची से प्रवेश की अंतिम तिथि 10 दिसंबर है।