मवाना। मेरठ कमिश्नरी घेराव के लिए एक सितंबर को होने वाली महापंचायत को सफल बनाने और किसानों की स्थानीय समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन की समीक्षा बैठक बृहस्पतिवार को तहसील सभागार में हुई।
जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी और एनसीआर महासचिव नरेश की मौजूदगी में हुई बैठक में मवाना तहसील के करीब 70 गांवों के ग्राम अध्यक्षों व पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान किसानों ने तहसीलों में विरासत जमीन नामांतरण के नाम पर लेखपालों द्वारा रिश्वत मांगने, टिकोला चीनी मिल द्वारा बूढ़ी गंगा में गंदा पानी छोड़ने, तालाबों की सफाई न होने, बिजली का लोड जबरन बढ़ाए जाने, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र न बनने और खाद समितियों में खाद की किल्लत जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
किसानों ने प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा फोन न उठाए जाने पर भी गहरा रोष जताया। जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने किसानों की इन समस्याओं पर गहन चर्चा करते हुए सभी से एक सितंबर को मेरठ कमिश्नरी महापंचायत में पहुंचने का आह्वान किया। चेतावनी दी कि यदि महापंचायत के माध्यम से किसान समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो भाकियू अनिश्चितकालीन आंदोलन और जेल भरो अभियान शुरू करेगी। इस मौके पर युवा जिलाध्यक्ष अनूप यादव, हर्ष चहल, सत्येंद्र तालियान, मनोज खत्री, राजकुमार, प्रिंस और बिट्टू सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे।