रिटायर्ड हेड कांस्टेबल के बेटे ने यूपी 100 की गाड़ी में की तोड़फोड़, पुलिस से हाथापाई
मेरठ। नौचंदी क्षेत्र की रामबाग कॉलोनी में मंगलवार देर रात हेड कांस्टेबल के बेटे ने यूपी 100 की गाड़ी में तोड़फोड़ की और विरोध करने पर पुलिस के साथ भी हाथापाई की। इसकी जानकारी लगते ही नौचंदी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
रामबाग कॉलोनी में रिटायर हेड कांस्टेबल जगपाल अपने परिवार के साथ रहते हैं। इंस्पेक्टर नौचंदी आशुतोष कुमार के मुताबिक, हेड कांस्टेबल के बेटे अंकुर ने अपने परिवार के लोगों के साथ झगड़ा किया हुआ था। सूचना पर यूपी 100 की गाड़ी वहां पहुंची। अंकुर ने पहले गाड़ी में तोड़फोड़ की और फिर यूपी 100 में तैनात सिपाही गौरव के साथ हाथापाई की। पुलिस के साथ मारपीट होने की सूचना पर नौचंदी थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी अंकुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी अंकुर नशे में था। उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है। बुधवार को पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया।
गाड़ी में तोड़फोड़ करते ही मची खलबली
अंकुर ने यूपी 100 की गाड़ी में तोड़फोड़ की तो वहां मौजूद लोगों में खलबली मच गई। पुलिस पर हमले की सूचना मिलते ही मेडिकल थाने की पुलिस भी वहां पहुंची। सीओ सिविल लाइन संजीव देशवाल का कहना है कि आरोपी अंकुर नशे का आदी है। आरोपी पहले भी परिवार के साथ मारपीट कर चुका है। उसके गलत व्यवहार से परिवार के लोग भी परेशान हैं।