अपहृत रिटायर्ड फौजी सुभाष चौधरी की हत्या उसके ही रिश्तेदारों ने कर दी। कंकरखेड़ा पुलिस ने रिटायर्ड फौजी की साली को चार दिन पहले गुपचुप तरीके से गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला ने बताया कि उसने अपने देवर के साथ मिलकर सुभाष की हत्या कर दी और शव नहर में फेंक दिया। पुलिस अभी शव नहीं ढूंढ सकी है। महिला के देवर की तलाश की जा रही है।
रोहटा रोड स्थित नंद विहार निवासी रिटायर्ड फौजी सुभाष चौधरी (61) पुत्र महेंद्र चौधरी सात दिसंबर को ऑल्टो कार से मुजफ्फरनगर अपनी साली सुनीता पत्नी भंवर सिंह के घर जाने की बात कहकर गए थे। लेकिन वापस नहीं लौटे। सुभाष की पत्नी ने कंकरखेड़ा में अपहरण का केस दर्ज कराया। पुलिस ने बताया कि सुभाष की कार लावारिस हालत में कंकरखेड़ा हाईवे स्थित नंगलाताशी गांव के सामने कोल्ड स्टोरेज में खड़ी मिली थी।
इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा दीपक शर्मा के मुताबिक सर्विलांस के जरिए सुभाष की साली सुनीता को चार दिन पूर्व मुजफ्फरनगर से उठाया था। पुलिस की पूछताछ में सुनीता ने बताया कि सात दिसंबर को सुभाष उनके घर पर आए थे। उस समय वह घर अकेली थी। पुलिस के अनुसार आरोपी सुनीता ने आरोप लगाया है कि सुभाष ने उसके साथ छेड़छाड़ कर दी थी। जिसके बाद उसने मूसली से पीटकर सुभाष की हत्या कर दी थी।
देवर को बुलाकर शव ठिकाने लगाया
इंस्पेक्टर के अनुसार आरोपी सुनीता का कहना है कि हत्या के बाद उसने देवर सूरज को बुलाया। देवर-भाभी ने सुभाष के शव को उसकी ही ऑल्टो से उसी रात को खतौली की गंगनहर में फेंक आए। उन पर किसी को शक न हो, इस उद्देश्य से ऑल्टो कार कंकरखेड़ा छोड़कर भाग आए। इंस्पेक्टर का कहना है कि रिटायर्ड फौजी के परिजनों की तहरीर पर सुनीता व सूरज के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज है। शव बरामद होने पर हत्या में तरमीम कर दिया जाएगा। सुनीता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सूरज की तलाश में दबिश दी जा रही है।
सुभाष का शव बरामद चुनौती
इंस्पेक्टर दीपक शर्मा के अनुसार आरोपी सुनीता की निशानदेही पर शव की मंगलवार को भी काफी तलाश की। लेकिन बरामद नहीं हुआ। शव की तलाश करना पुलिस के लिए चुनौती है।
घटना छुपाने में माहिर कंकरखेड़ा पुलिस
रिटायर्ड फौजी की हत्या कर दी गई और एक आरोपी महिला पुलिस ने जेल भी भेज दी, जिसकी जानकारी पुलिस अफसरों को भी नहीं है। बताया जा रहा है कि चार दिन पहले महिला को जेल भेजकर पुलिस अब कोई कार्रवाई करने को तैयार नहीं है। मंगलवार को सुभाष के पिता महेंद्र चौधरी कंकरखेड़ा थाने पहुंचे। बेटे का शव बरामद करने की मांग की। पुलिस की कार्यशैली पर सवाल भी उठाए। इससे पहले भी कंकरखेड़ा पुलिस पीयूष चौधरी की हत्या में मामले में किरकिरी करा चुकी है। पुलिस 14 दिनों बाद शव बरामद कर पाई थी।