जिला निगरानी समिति का सदस्य है आरोपी
जिस युवक पर योजना के गलत प्रचार का आरोप लगा है उसका नाम नितिन कुमार शेर निवासी पूर्वा अहिरान है। नितिन समाज कल्याण विभाग की जिला स्तरीय निगरानी समिति का सदस्य है, लेकिन जिस तरह उसने योजना का गलत प्रचार किया उसके बाद मंशा गलत ही प्रतीत हो रही है।
सबसे बड़ी बात नितिन ने व्हाट्सएप पर चल रहे इस मैसेज में उत्तर प्रदेश सरकार के शासकीय लोगो ( प्रतीक चिह्न) का भी प्रयोग किया। साथ ही सरकारी मोबाइल नंबर न देकर अपना नंबर दिया।
योजना का किया गया पूरी तरह गलत प्रचार
जिला समाज कल्याण अधिकारी मोहम्मद मुश्ताक अहमद ने नितिन के निगरानी समिति का सदस्य होने की पुष्टि की, साथ ही उन्होंने योजना का गलत प्रचार करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सरकार प्रत्येक जोड़े को 35 हजार रुपये की आर्थिक मदद और 10 हजार रुपये का सामान उपलब्ध कराती है।
धनराशि सीधे वधू के खाते में डाली जाती है। जबकि व्हाट्सअप ग्रुप पर चल रहे इस मैसेज में शादी का संपूर्ण खर्च सरकार द्वारा उठाए जाने का दुष्प्रचार किया गया है, जिससे प्रशासन की छवि धूमिल हुई है।
मुझसे गलती हुई
नितिन कुमार शेर ने फोन पर वार्ता में अपनी गलती स्वीकार की। उसने कहा है कि वह डीएम से मिलकर माफी मांगने को तैयार है। नितिन ने यह भी बताया कि 14 नवंबर को सामूहिक विवाह का कार्यक्रम है। जिला समाज कल्याण विभाग के एक बाबू के कहने पर उन्होंने प्रचार किया। गलती यह हो गई कि व्हाट्सएप ग्रुप पर इस मैसेज को डाल दिया।
धोखाधड़ी व आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज
सीओ सिविल लाइन हरिमोहन सिंह ने बताया कि जिला समाज कल्याण अधिकारी की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।